Iran-US Tension: ईरान की अमेरिका को नई चेतावनी, हिंद महासागर में अमेरिकी जहाजों को निशाना बनाने का दावा
अमेरिका और ईरान के बीच तनाव पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है। इसी बीच ईरान की ओर से अमेरिकी सैन्य जहाजों को लेकर बड़ा दावा किया गया है। हैदराबाद स्थित ईरानी दूतावास की एक सोशल मीडिया पोस्ट के अनुसार, ईरान की सुरक्षा परिषद के सचिव मोहसिन रेजाई ने कहा है कि अगर दोनों देशों के बीच फिर से युद्ध शुरू होता है तो हिंद महासागर में मौजूद अमेरिकी जहाजों को निशाना बनाया जा सकता है।
हिंद महासागर में अमेरिकी जहाजों को लेकर दावा
मोहसिन रेजाई के हवाले से कहा गया कि ईरान ने समुद्री संघर्ष से निपटने के लिए अपनी क्षमताओं को विकसित किया है। उनके अनुसार, युद्ध दोबारा शुरू होने की स्थिति में हिंद महासागर में मौजूद अमेरिकी जहाजों पर उनकी स्थिति की परवाह किए बिना हमला करने की क्षमता ईरान के पास है।
हाइपरसोनिक मिसाइलों की रफ्तार बढ़ाने का दावा
रेजाई ने ईरान की हाइपरसोनिक मिसाइलों की क्षमता को लेकर भी दावा किया। उनके मुताबिक, इन मिसाइलों की रफ्तार मैक 6 से बढ़ाकर मैक 10 तक कर दी गई है। इसके अलावा ईरान ने इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर सिस्टम और एयर डिफेंस सिस्टम को भी मजबूत किया है।
उन्होंने कहा कि ईरान के पास कई अन्य सैन्य विकल्प भी मौजूद हैं, जिनका इस्तेमाल जरूरत और सही समय के अनुसार किया जाएगा। रेजाई के बयान के मुताबिक, ईरान किसी भी संभावित नए संघर्ष के लिए तैयार है।