इंडोनेशिया में राष्ट्रपति की फोन टैपिंग का आरोप, फुटेज में जाने पूर्व पुलिस प्रमुख समेत 3 अधिकारी गिरफ्तार; उपराष्ट्रपति गिब्रान के इस्तीफे से बढ़ी हलचल
इंडोनेशिया में राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो की फोन बातचीत की कथित जासूसी के मामले ने देश की राजनीति और प्रशासन में हलचल मचा दी है। इस मामले में पूर्व पुलिस प्रमुख लिस्त्यो सिगित समेत तीन वरिष्ठ अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया है। ये अधिकारी पूर्व राष्ट्रपति जोको विडोडो यानी जोकोवी के करीबी माने जाते हैं। इसी बीच गुरुवार को जोकोवी के बेटे और देश के उपराष्ट्रपति गिब्रान राकाबुमिंग राका ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। हालांकि, दोनों घटनाओं के बीच किसी सीधे संबंध की पुष्टि नहीं हुई है।
इंडोनेशिया के पुलिस प्रमुख जनरल सुयुडी आरियो सेटो ने संसद में इस मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति के अलावा कई वरिष्ठ नेताओं, सरकारी अधिकारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के फोन तथा बातचीत की भी कथित तौर पर गैरकानूनी निगरानी की गई थी। जांच एजेंसियों के अनुसार, जासूसी की यह गतिविधियां 2025 से 2026 के बीच हुईं। उस समय लिस्त्यो सिगित देश के पुलिस प्रमुख के पद पर तैनात थे।
राष्ट्रपति की रिकॉर्डिंग मिटाने की कोशिश का आरोप
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि राष्ट्रपति की फोन बातचीत की रिकॉर्डिंग मिटाने की कोशिश की गई थी। आरोप है कि पुलिस के कानूनी विभाग के प्रमुख अहरी सोंता नसुतियोन ने अक्टूबर में राष्ट्रपति की बातचीत की रिकॉर्डिंग हटाने की अनुमति मांगी थी। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी स्लामेत उलियांडी ने कथित तौर पर इसकी मंजूरी दी और रिकॉर्डिंग मिटा दी गई।पुलिस प्रमुख ने संसद में बताया कि इस मामले में जांच के दौरान अधिकारियों की भूमिका सामने आई है। पूर्व पुलिस प्रमुख लिस्त्यो सिगित समेत तीन वरिष्ठ अधिकारियों की गिरफ्तारी इसी जांच का हिस्सा है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि राष्ट्रपति की जासूसी के पीछे किसका निर्देश था और इस पूरी गतिविधि में अन्य लोगों की क्या भूमिका रही।
जोकोवी का नाम चर्चा में, लेकिन आरोपी नहीं
इस मामले में पूर्व राष्ट्रपति जोको विडोडो का नाम भी चर्चा में है, क्योंकि गिरफ्तार किए गए अधिकारी उनके करीबी माने जाते हैं। हालांकि, अभी तक ऐसा कोई स्पष्ट सबूत सामने नहीं आया है जिससे साबित हो कि जोकोवी ने राष्ट्रपति प्रबोवो की जासूसी कराने में भूमिका निभाई थी। फिलहाल वह इस मामले में आरोपी भी नहीं हैं।
उपराष्ट्रपति गिब्रान के इस्तीफे से राजनीतिक घटनाक्रम तेज
दूसरी ओर, उपराष्ट्रपति गिब्रान राकाबुमिंग राका के इस्तीफे ने इंडोनेशिया की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है। गिब्रान पूर्व राष्ट्रपति जोकोवी के बेटे हैं। उनकी पढ़ाई से जुड़े दस्तावेजों और शैक्षणिक योग्यताओं पर सवाल उठाए जा रहे थे। इसी विवाद के बीच उनके खिलाफ महाभियोग चलाने की तैयारी भी शुरू हो गई थी।गिब्रान के इस्तीफे और राष्ट्रपति की जासूसी के मामले में गिरफ्तारियों की खबर एक ही समय सामने आने से राजनीतिक हलचल बढ़ गई है। हालांकि, फिलहाल इन दोनों घटनाओं के बीच किसी संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि राष्ट्रपति की बातचीत की निगरानी किसके आदेश पर की गई और रिकॉर्डिंग मिटाने के पीछे किसका उद्देश्य था। जांच आगे बढ़ने के साथ ही इंडोनेशिया की राजनीति में पूर्व और मौजूदा सत्ता से जुड़े लोगों की भूमिका पर भी नजर बनी हुई है।