India-US Trade Tension: Make in India और PLI योजनाओं पर अमेरिका की नजर, भारतीय मैन्युफैक्चरिंग से क्यों बढ़ी ट्रंप प्रशासन की चिंता?
भारत को वैश्विक मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने की कोशिशों के बीच अमेरिका के साथ व्यापारिक तनाव बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। मेक इन इंडिया, आत्मनिर्भर भारत और प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) जैसी योजनाओं के जरिए भारत घरेलू उत्पादन बढ़ाने, विदेशी निवेश आकर्षित करने और आयात पर निर्भरता कम करने की दिशा में काम कर रहा है। लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का प्रशासन इन नीतियों को अपने उद्योगों और रोजगार के लिए चुनौती मान रहा है।
अमेरिका का आरोप है कि भारत सरकारी प्रोत्साहन के जरिए घरेलू जरूरत से ज्यादा उत्पादन क्षमता तैयार कर रहा है। इससे अतिरिक्त सामान दूसरे देशों में निर्यात होता है और अमेरिकी कंपनियों को प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ता है। इसी मुद्दे पर अमेरिका ने भारतीय वस्तुओं पर 25% तक टैरिफ लगाने का प्रस्ताव रखा है। हालांकि, व्यापार समझौता होने की स्थिति में इसे 17% तक रखने की संभावना बताई गई है।
अमेरिका को भारत की अतिरिक्त उत्पादन क्षमता से क्या परेशानी?
अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (USTR) ने ट्रेड एक्ट 1974 की धारा 301 के तहत भारत की औद्योगिक और व्यापार नीतियों की जांच की है। उसकी 126 पन्नों की रिपोर्ट में भारतीय नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा गया है कि सरकारी सब्सिडी, वित्तीय सहायता और प्रोत्साहन से उत्पादन क्षमता घरेलू मांग से आगे बढ़ रही है।
अमेरिका के तर्क को एक उदाहरण से समझा जा सकता है। अगर किसी देश की घरेलू मांग 60 इकाई है, लेकिन वहां की फैक्ट्रियां 100 इकाई उत्पादन कर सकती हैं, तो बची हुई 40 इकाइयों का निर्यात किया जा सकता है। अमेरिका की आपत्ति तब होती है, जब उसके मुताबिक यह अतिरिक्त क्षमता सामान्य बाजार मांग के बजाय सरकारी सहायता और नीतिगत प्रोत्साहन के कारण विकसित होती है।
अमेरिकी प्रशासन का कहना है कि ऐसी स्थिति में कंपनियां अतिरिक्त सामान कम कीमत पर दूसरे देशों में बेच सकती हैं, जिससे वहां के स्थानीय निर्माताओं पर दबाव बढ़ता है।
Make in India और PLI पर क्यों उठे सवाल?
यूएसटीआर की रिपोर्ट में मेक इन इंडिया अभियान का विशेष रूप से उल्लेख किया गया है। भारत का लक्ष्य विनिर्माण क्षेत्र की जीडीपी में हिस्सेदारी बढ़ाकर 25% तक पहुंचाना है। इसके लिए उत्पादन क्षमता का बड़े स्तर पर विस्तार करना जरूरी होगा।
अमेरिका का मानना है कि इस तरह के लक्ष्य और सरकारी प्रोत्साहन वैश्विक बाजार में उत्पादन की प्रतिस्पर्धा को प्रभावित कर सकते हैं।
PLI योजना भी अमेरिकी जांच के दायरे में है। इस योजना के तहत कंपनियों को उत्पादन और बिक्री बढ़ाने के आधार पर आर्थिक प्रोत्साहन दिया जाता है। इसका उद्देश्य भारत में घरेलू मैन्युफैक्चरिंग को मजबूत करना और विदेशी कंपनियों को देश में निवेश के लिए आकर्षित करना है। हालांकि, अमेरिका का दावा है कि इससे बाजार की वास्तविक मांग से ज्यादा उत्पादन क्षमता तैयार हो सकती है।
आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत आयात निर्भरता घटाने और घरेलू आपूर्ति शृंखला मजबूत करने की कोशिशों पर भी अमेरिकी रिपोर्ट ने सवाल उठाए हैं।
इंडिया ब्रांड इक्विटी फाउंडेशन भी जांच में शामिल
अमेरिकी रिपोर्ट में इंडिया ब्रांड इक्विटी फाउंडेशन (IBEF) का भी जिक्र किया गया है। इसकी स्थापना 1996 में वाणिज्य मंत्रालय के तहत हुई थी। इसका मुख्य उद्देश्य विदेशी बाजारों में भारतीय उत्पादों और सेवाओं यानी मेड इन इंडिया ब्रांड को बढ़ावा देना है।
IBEF सरकारी विभागों, उद्योग संगठनों और निर्यात संवर्धन परिषदों के साथ मिलकर भारतीय उत्पादों की वैश्विक पहचान मजबूत करने का काम करता है। अमेरिकी पक्ष का तर्क है कि इस तरह की पहल निर्यात आधारित उत्पादन को बढ़ावा देती है और घरेलू मांग से अधिक क्षमता विकसित करने में भूमिका निभा सकती है।
स्टील, सोलर और फार्मा सेक्टर पर भी नजर
अमेरिका की आपत्तियां केवल सरकारी योजनाओं तक सीमित नहीं हैं। रिपोर्ट में औद्योगिक विस्तार, श्रमिक अधिकार, वित्तीय नीतियों, विदेशी कंपनियों के लिए बाजार में प्रवेश की बाधाओं और गैर-बाजार आधारित अर्थव्यवस्थाओं से जुड़े आयात एवं निवेश जैसे मुद्दे भी उठाए गए हैं।
रिपोर्ट में स्टील, सोलर, फार्मास्यूटिकल्स, मेडिकल डिवाइस और सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (ICT) को प्रमुख क्षेत्र बताया गया है।
अमेरिका का दावा है कि भारत की सोलर मॉड्यूल उत्पादन क्षमता घरेलू मांग से काफी आगे बढ़ चुकी है। वहीं, फार्मा और मेडिकल डिवाइस क्षेत्र में सरकारी प्रोत्साहन, आयात नीतियों और विदेशी निवेश से जुड़े नियमों पर भी सवाल उठाए गए हैं। इलेक्ट्रॉनिक्स और आईसीटी क्षेत्र में घरेलू उत्पादन बढ़ने से अमेरिकी कंपनियों के लिए प्रतिस्पर्धा कठिन होने की आशंका जताई गई है।
चीन से जुड़ी सप्लाई चेन और श्रम लागत भी चिंता
अमेरिका की रिपोर्ट में चीन से भारत के कारोबारी संबंधों और आपूर्ति शृंखला का भी उल्लेख है। यूएसटीआर का कहना है कि भारत का विनिर्माण क्षेत्र चीन जैसे गैर-बाजार आधारित देशों से आने वाले कच्चे माल, निवेश और अन्य संसाधनों पर निर्भर है। इससे भारतीय कंपनियों को कम लागत पर उत्पादन करने में मदद मिल सकती है।
इसके अलावा रिपोर्ट में भारत के श्रम कानूनों और श्रमिकों के सामूहिक सौदेबाजी के अधिकारों को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, 2022 में भारत की विनिर्माण जीडीपी में श्रम की हिस्सेदारी 28.6% थी, जो अमेरिका की तुलना में करीब 19 प्रतिशत अंक कम थी।
अमेरिका का तर्क है कि कम श्रम लागत से भारतीय कंपनियों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रतिस्पर्धात्मक लाभ मिलता है। इस तरह भारत की औद्योगिक नीतियां, उत्पादन क्षमता और व्यापारिक रणनीति अब अमेरिका की जांच और व्यापारिक चर्चाओं का अहम हिस्सा बन गई हैं।