भारत और सेशेल्स के बीच 19 बड़े समझौते, वीडियो में जाने UPI पेमेंट से लेकर रक्षा सहयोग तक बढ़ेगा दायरा
भारत और सेशेल्स ने रविवार को एक अहम कूटनीतिक कदम उठाते हुए कुल 19 बड़े समझौतों और विकास परियोजनाओं की घोषणा की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी की मौजूदगी में हुए इन समझौतों का उद्देश्य दोनों देशों के बीच सहयोग को नए स्तर पर ले जाना है।इन समझौतों के तहत रक्षा, डिजिटल भुगतान, स्वास्थ्य, शिक्षा, अंतरिक्ष और समुद्री सुरक्षा जैसे कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में साझेदारी को मजबूत करने पर सहमति बनी है। सबसे बड़ी घोषणा यह रही कि अब सेशेल्स में भी भारत की UPI आधारित डिजिटल भुगतान प्रणाली शुरू की जाएगी, जिससे डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा मिलेगा।
भारत पहले ही 23 से अधिक देशों के साथ UPI को लेकर समझौते कर चुका है, जबकि फिलहाल 9 देशों में इसकी सुविधा सक्रिय रूप से उपलब्ध है। सेशेल्स इस सूची में एक और महत्वपूर्ण देश के रूप में शामिल हो गया है।इसके अलावा भारत ने सेशेल्स को विकास परियोजनाओं के लिए 1,250 करोड़ रुपये की लाइन ऑफ क्रेडिट देने का भी ऐलान किया है। इस फंड का उपयोग वहां बुनियादी ढांचे और अन्य विकास कार्यों में किया जाएगा।
दोनों देशों के बीच प्रत्यर्पण संधि, नए राष्ट्रीय अस्पताल की योजना और अंतरिक्ष के शांतिपूर्ण उपयोग जैसे क्षेत्रों में भी सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी है। यह समझौता दोनों देशों के रणनीतिक संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
भारत ने इस साझेदारी के तहत सेशेल्स को कई सहायता सामग्री भी प्रदान की है, जिनमें एक फास्ट पेट्रोल वेसल, 10 यूटिलिटी वाहन, 5 नौकाएं, 6 एम्बुलेंस, 500 मीट्रिक टन चावल और 8,500 मीट्रिक टन सीमेंट शामिल हैं। यह समझौते भारत की बढ़ती वैश्विक साझेदारी और डिजिटल इंडिया मॉडल के अंतरराष्ट्रीय विस्तार की दिशा में एक और अहम उपलब्धि के रूप में देखे जा रहे हैं।