इंडोनेशिया में 53 बच्चों से मारपीट के मामले में डे-केयर सेंटर की प्रिंसिपल को 5 साल जेल: फुटेज में देंखे बच्चों के हाथ-पैर बांधकर रखते थे कर्मचारी, परिवारों ने सजा को बताया कम
इंडोनेशिया के योग्याकार्ता शहर में बच्चों के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार के एक गंभीर मामले में अदालत ने डे-केयर सेंटर की पूर्व प्रिंसिपल को 5 साल जेल की सजा सुनाई है। लिटिल अरेशा नाम के इस बाल देखभाल केंद्र में 53 बच्चों के साथ बुरा बर्ताव किया गया था। आरोप है कि सेंटर के कर्मचारी बच्चों के हाथ-पैर कपड़े से बांधकर रखते थे। अप्रैल में सामने आए सीसीटीवी फुटेज में कई बच्चे केवल डायपर पहने फर्श पर पड़े दिखाई दिए थे। इस मामले में अदालत ने सेंटर की पूर्व प्रिंसिपल अनीता पालुपी इंदाहसारी को दोषी ठहराया है।अदालत ने गुरुवार, 19 नवंबर को फैसला सुनाते हुए अनीता को 5 साल की जेल की सजा दी। इसके साथ ही उन पर 51 करोड़ इंडोनेशियाई रुपिया का जुर्माना भी लगाया गया है। अदालत ने कहा कि जुर्माने की रकम नहीं चुकाने की स्थिति में उनकी संपत्ति जब्त कर नीलाम की जा सकती है।
103 में से 53 बच्चों के साथ हुआ दुर्व्यवहार
पुलिस की जांच के मुताबिक, लिटिल अरेशा सेंटर में कुल 103 बच्चे मौजूद थे। इनमें से 53 बच्चों के साथ मारपीट और बुरा बर्ताव किए जाने की बात सामने आई। मामले का खुलासा अप्रैल में हुआ, जब सेंटर के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सामने आई। इन तस्वीरों और वीडियो में बच्चे केवल डायपर पहने फर्श पर लेटे दिखाई दिए थे। आरोप है कि कर्मचारियों ने बच्चों को नियंत्रित रखने के लिए उनके हाथ-पैर कपड़े से बांध रखे थे।इस घटना के सामने आने के बाद बच्चों की सुरक्षा और सेंटर में उनकी देखभाल के तरीके को लेकर गंभीर सवाल उठे थे। पुलिस ने मामले की जांच की और सेंटर के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की।
अदालत ने लापरवाही और हिंसा रोकने में विफल रहने का माना दोषी
मामले की सुनवाई के दौरान जज सुनारयांतो ने कहा कि अनीता पालुपी इंदाहसारी ने बच्चों की देखभाल में लापरवाही बरती। उन्होंने बिना जरूरी अनुमति के बाल देखभाल केंद्र संचालित किया और बच्चों के साथ हो रही हिंसा को रोकने के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया।सरकारी वकीलों ने अदालत से अनीता को 10 साल जेल की सजा देने की मांग की थी। हालांकि, अदालत ने उन्हें 5 साल की सजा सुनाई। इसके अलावा 51 करोड़ इंडोनेशियाई रुपिया का जुर्माना भी लगाया।
पीड़ित परिवार बोले- बच्चों के साथ हुई घटना के मुकाबले सजा कम
अदालत के फैसले से पीड़ित बच्चों के परिवार संतुष्ट नहीं हैं। सुनवाई के दौरान मौजूद एक बच्चे की मां त्रि सुसिलावती ने कहा कि बच्चों के साथ जो हुआ, उसकी तुलना में यह सजा बहुत कम है। उन्होंने सरकारी वकीलों से फैसले के खिलाफ ऊपरी अदालत में अपील करने की मांग की।परिवारों का मानना है कि बच्चों के साथ हुए दुर्व्यवहार की गंभीरता को देखते हुए दोषियों को इससे कड़ी सजा मिलनी चाहिए थी। मामले में सेंटर का संचालन करने वाले लिटिल अरेशा फाउंडेशन की प्रमुख दिया कुसुमस्तुति को पहले ही 10 साल जेल की सजा सुनाई जा चुकी है।इस मामले ने बाल देखभाल केंद्रों में बच्चों की सुरक्षा, कर्मचारियों की जिम्मेदारी और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। अदालत के फैसले के बावजूद पीड़ित परिवारों की नाराजगी बनी हुई है और वे दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।