भाई की रिहाई के लिए प्रदर्शन का ऐलान करते ही इमरान खान की बहन लाहौर से गिरफ्तार, जानिए क्या है पुरा मामला
पाकिस्तान में PTI के फाउंडर और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की बहन अलीमा खान को लाहौर में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. अलीमा खान को उनके घर के बाहर से जबरदस्ती गिरफ्तार किया गया है. जब वह अपने ड्राइवर आमिर के साथ जिमखाना जा रही थीं. बाद में उन्हें कोट लखपत जेल ले जाया गया, जबकि उनकी गाड़ी मोजांग पुलिस स्टेशन में खड़ी कर दी गई.
दरअसल, पाकिस्तान के जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की बहन अलीमा खान को लाहौर में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. वह इमरान खान की रिहाई की मांग के लिए उनकी पार्टी, तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर 27 सितंबर से विरोध प्रदर्शन शुरू करने वाली थीं. रॉयटर्स के अनुसार, PTI के एक प्रवक्ता ने अलीमा खान की गिरफ्तारी की पुष्टि की है.
इमरान के लिए लगातार उठा रही हैं आवाज
अलीमा लगातार इमरान के साथ हो रहे जेल में बर्ताव के खिलाफ आवाज उठा रही हैं. उन्होंने हाल ही में इस मुद्दे पर मुखर होकर अपनी बात कही थी. उसी के कुछ दिन बाद शहबाज सरकार की पुलिस ने यह एक्शन लिया है. ‘पब्लिक ऑर्डर बनाए रखने’ के नियमों के तहत लाहौर के डिप्टी कमिश्नर के जारी आदेश के अनुसार, अलीमा खान को 30 दिनों के लिए हिरासत में लिया जा सकता है.
आदेश में कहा गया है कि आज लाहौर के DC की अध्यक्षता में जिला इंटेलिजेंस कमेटी की बैठक हुई, जिसमें शहर में शांति बनाए रखने के लिए इमरान खान की बहन अलीमा खानम को हिरासत में लेने का फैसला किया गया.
पुलिस की कार्रवाई तेज
रॉयटर्स के अनुसार, विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए, इस्लामाबाद पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है. उन्होंने सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा करने और प्रदर्शनों के दौरान गड़बड़ी फैलाने की किसी भी साजिश को नाकाम करने की योजना बनाने के लिए इस्लामाबाद के सेंट्रल पुलिस ऑफिस में एक बैठक की.
PTI के नेताओं पर पुलिस की नजर
डॉन की एक रिपोर्ट के अनुसार, बैठक में संबंधित पुलिस अधिकारियों ने हिस्सा लिया और इंतजामों पर चर्चा की. राजधानी की पुलिस फोर्स विरोध प्रदर्शनों के बारे में जानकारी इकट्ठा कर रही है, जिसमें तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) पार्टी की तैयारियों और उसके नेताओं, कार्यकर्ताओं और एक्टिविस्ट की गतिविधियों का विवरण शामिल है.
इमरान को PIMS लेकर पहुंची स्पेशल टीम
एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार को पाकिस्तान के जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान का मेडिकल चेकअप किया गया, क्योंकि उनकी सेहत को लेकर चिंता जताई जा रही थी. 73 साल के खान 2023 से जेल में हैं. स्थानीय जियो न्यूज ने सूत्रों के हवाले से बताया कि सरकारी पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) की एक स्पेशल टीम ने इमरान खान का मेडिकल चेकअप किया.
पूरी बॉडी का मेडिकल चेकअप
इमरान खान का पूरा मेडिकल चेकअप किया गया, जिसमें ब्लड प्रेशर, कोलेस्ट्रॉल और आंखों की जांच शामिल थी. रिपोर्ट के मुताबिक, PIMS के एक डॉक्टर ने टीम को लीड किया, जबकि जांच के दौरान अडियाला जेल अस्पताल के मेडिकल स्टाफ ने भी मदद की. खान ने आंखों की बीमारी की शिकायत की है और इलाज के लिए उन्हें कई बार PIMS ले जाया गया है.