×

बोलीविया में बड़ा विमान हादसा: कैश लेकर जा रहा हरक्यूलिस सी-130 विमान दुर्घटनाग्रस्त, एक दर्जन से ज्यादा लोगों की मौत 

 

दक्षिण अमेरिकी देश बोलीविया में शुक्रवार (27 फरवरी) को बड़ा हादसा हो गया। बोलिवियाई वायुसेना का हरक्यूलिस सी-130 विमान राजधानी ला पाज़ के पास स्थित एल अल्टो शहर में हादसे का शिकार हो गया. इस हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई और कम से कम 30 अन्य घायल हो गए. घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं.

एबीसी न्यूज के मुताबिक, यह हादसा स्थानीय समयानुसार शाम करीब 6 बजे हुआ. बताया जा रहा है कि लैंडिंग या टेकऑफ के दौरान विमान रनवे से फिसल गया. इसके बाद वह एयरपोर्ट की बाउंड्री की जाली तोड़ते हुए सड़क पर गिर गए. विमान कई कारों और अन्य वाहनों से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई गाड़ियां पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं. अग्निशमन प्रमुख पावेल तोवर ने यह स्पष्ट नहीं किया कि मृतक विमान में थे या शहर के हवाई अड्डे के पास राजमार्ग पर क्षतिग्रस्त कारों में थे।

सड़क पर बिखरे नये बैंक नोट

रिपोर्ट्स में कहा गया है कि यह विमान देश के अलग-अलग हिस्सों में नए बैंक नोट पहुंचाने जा रहा था। हादसे के बाद नोट सड़क पर बिखर गए. मौके पर मौजूद लोगों ने इसका वीडियो भी बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, सैन्य विमान ने पहले सांता क्रूज़ शहर से उड़ान भरी थी और एल अल्टो में रनवे से फिसलकर पास की सड़क पर उतरने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

स्थानीय मीडिया आउटलेट यूनिटेल ने बोलीविया के रक्षा मंत्रालय का हवाला देते हुए कहा कि विमान देश के अंदरूनी हिस्सों में मुद्रा ले जा रहा था। राष्ट्रीय एयरलाइन बोलिवियाना डी एविएशन ने एक बयान में कहा कि दुर्घटना के बाद एल अल्टो अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था, यह भी कहा कि दुर्घटना में शामिल विमान उसके बेड़े का हिस्सा नहीं था।