×

जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व  PM इमरान खान बाहर उनकी पत्नी ने फूंका राजनितिक बिगुल! खड़ी की नई पार्टी, जानिए क्या है नाम ?

 

पाकिस्तान की जेल में बंद इमरान खान की पूर्व पत्नी रेहम खान को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। तमाम अटकलों के बीच रेहम खान ने वाकई राजनीति में कदम रख दिया है। दरअसल, रेहम खान ने अपनी नई राजनीतिक पार्टी बनाई है। उनकी पार्टी का नाम पाकिस्तान रिपब्लिक पार्टी (पीआरपी) है। अपनी राजनीतिक पार्टी की घोषणा करते हुए रेहम खान ने कहा कि यह कोई पार्टी नहीं, बल्कि एक आंदोलन है।

रेहम खान की नई पार्टी की घोषणा

रेहम खान ने मंगलवार को कराची के प्रेस क्लब में अपनी नई पार्टी की घोषणा की। इस दौरान रेहम खान ने बताया कि उनकी राजनीतिक पार्टी का नाम पाकिस्तान रिपब्लिक पार्टी (पीआरपी) होगा, जो सिर्फ़ एक पार्टी नहीं, बल्कि एक आंदोलन होगी। उन्होंने आगे कहा कि उनकी पार्टी का उद्देश्य संसद और विधानसभा में सही लोगों को भेजना है, ताकि कानून सुधार के लिए लड़ाई लड़ी जा सके, जिससे देश के लोगों को फायदा हो। इसी उद्देश्य से पार्टी की शुरुआत की जा रही है। रेहम खान ने कहा कि उनकी लड़ाई महिलाओं और किसानों के अधिकारों के लिए है।

पाकिस्तान सरकार ठीक से काम नहीं कर रही है
पत्रकारों द्वारा रेहम खान के विदेश में रहने के सवाल का जवाब देते हुए रेहम ने कहा कि पूरा पाकिस्तान उनका घर है। उनकी पार्टी किसी तरह की राजनीति नहीं, बल्कि समाज सुधार के लिए चलाया जा रहा एक आंदोलन है। इसका उद्देश्य केवल पाकिस्तान के लोगों में फिर से आशा और सम्मान की भावना जगाना है। इसके साथ ही, रेहम खान ने कहा कि पाकिस्तान की मौजूदा सरकार ठीक से काम नहीं कर रही है।

10 महीने बाद हुआ तलाक
बता दें कि रेहम खान और इमरान खान की शादी साल 2014 में हुई थी। वह इमरान खान की दूसरी पत्नी थीं। लेकिन, रेहम खान और इमरान खान की यह शादी एक साल भी नहीं चली और 10 महीने बाद ही दोनों का तलाक हो गया। इमरान खान से तलाक के बाद, रेहम खान ने साल 2018 में अपनी जीवनी भी लिखी, जिसमें उन्होंने इमरान खान के साथ अपने संबंधों के बारे में विस्तार से बताया है। रेहम खान का जन्म लीबिया में हुआ था। वह पाकिस्तान के एक पश्तून परिवार से ताल्लुक रखती हैं।