मेक्सिको में धार्मिक उत्सव के दौरान आतिशबाजी धमाका, वीडियो में देंखे 10 लोगों की मौत; 60 से ज्यादा घायल
मेक्सिको में धार्मिक उत्सव के दौरान शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया। मध्य मेक्सिको के मेक्सिको राज्य स्थित टेमास्कालसिंगो नगरपालिका के सांता मारिया कांचेस्दा गांव में आतिशबाजी के सामान में जोरदार धमाका होने से कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 60 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। धमाके के बाद इलाके में आग फैल गई और चर्च की दीवारों का एक हिस्सा भी ढह गया।
हादसा उस समय हुआ, जब गांव में धार्मिक उत्सव मनाया जा रहा था। उत्सव में बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु मौजूद थे। अचानक हुए विस्फोट से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
आतिशबाजी वाले बैल से फैली चिंगारी का शक
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ लोग भूसे से बनी बैल की आकृति लेकर चलते हुए नजर आ रहे हैं। इस आकृति पर आतिशबाजी लगाई गई थी, जिससे चिंगारियां निकल रही थीं। स्थानीय परंपरा के अनुसार, इस तरह के आतिशबाजी वाले बैल धार्मिक आयोजनों का हिस्सा होते हैं।
AFP की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि इसी आतिशबाजी वाले बैल से निकली चिंगारी चर्च में रखे पटाखों तक पहुंच गई। इसके बाद वहां अचानक जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते आग फैल गई।धमाका इतना शक्तिशाली था कि चर्च की दीवारों का एक हिस्सा गिर गया। कई लोग मलबे में दब गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और बचाव दलों ने तुरंत राहत अभियान शुरू किया और मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया।
मलबे में दबे लोगों को बचाने के लिए चला अभियान
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंचीं। बचावकर्मियों ने मलबे को हटाकर लोगों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।स्थानीय प्रशासन ने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताई है और घायलों को हर संभव चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिएहैं।
विस्फोट की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं
हालांकि, मेक्सिको के अटॉर्नी जनरल ऑफिस ने कहा है कि स्फोट की वास्तविक वजह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हुई है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और विशेषज्ञ घटना के हर पहलू की जांच कर रहे हैं।जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि चर्च में आतिशबाजी का सामान किस तरह रखा गया था और सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।
धार्मिक आयोजनों में आतिशबाजी बनी चिंता का कारण
मेक्सिको में धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों के दौरान आतिशबाजी का इस्तेमाल आम है। हालांकि, कई बार सुरक्षा इंतजामों की कमी के कारण ऐसे आयोजनों में हादसे हो चुके हैं।इस घटना ने एक बार फिर बड़े सार्वजनिक आयोजनों में आतिशबाजी के सुरक्षित इस्तेमाल और आपातकालीन तैयारियों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता घायलों का इलाज और हादसे की पूरी जांच करना है।