×

रूस के कैमचटका में 3 बार लगे भूकंप के तेज झटके! 8.7 रही तीव्रता, कुरील आईलैंड में सुनामी... जापान से कैलिफोर्निया तक हिलती रही धरती

 

रूस के सुदूर पूर्वी क्षेत्र कामचटका में सुबह-सुबह एक तेज़ भूकंप आया। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 8.7 मापी गई है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, भूकंप समुद्र के नीचे आया, जिसके बाद जापान और अमेरिका की एजेंसियों ने सुनामी की चेतावनी (सुनामी वॉच) जारी कर दी है।

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, भूकंप बहुत कम गहराई (लगभग 19.3 किमी) पर आया, जिससे सतह पर झटके और सुनामी का खतरा बढ़ गया है। समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने कहा कि 0100 GMT (सुबह 6:30 बजे IST) के बाद 1 मीटर (लगभग 3.28 फीट) ऊँची लहरें जापान के तटीय क्षेत्रों तक पहुँच सकती हैं। जापानी प्रधानमंत्री शिगेरु इशिबा को स्थिति की जानकारी दे दी गई है और सरकार ने एक आपात बैठक बुलाकर राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारी शुरू कर दी है। इससे पहले जुलाई में भी कामचटका के पास समुद्र में कई भूकंप आए थे, जिनमें से एक की तीव्रता 7.4 थी।

जापान में सुनामी मचा सकती है तबाही

वहीं, अमेरिकी सुनामी चेतावनी केंद्र ने भी कहा है कि अगले तीन घंटों में रूस और जापान के कुछ इलाकों में खतरनाक सुनामी लहरें पहुँच सकती हैं। इसके अलावा, फिलीपींस, मार्शल द्वीप समूह, पलाऊ और अन्य द्वीपों पर भी हल्की लहरें पहुँचने की आशंका है।

सुरक्षित स्थानों पर पहुँचने की अपील

रूस के क्षेत्रीय गवर्नर ने कहा कि अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन एक किंडरगार्टन क्षतिग्रस्त हो गया है। उन्होंने इस भूकंप को दशकों का सबसे शक्तिशाली भूकंप बताया और तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों से तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा।

रूस के सेवेरो-कुरिल्स्क शहर में बचाव कार्य जारी

भूकंप और सुनामी के खतरे के बाद रूस के सखालिन क्षेत्र के एक छोटे से शहर सेवेरो-कुरिल्स्क से लोगों को निकालने का काम जारी है। प्रशासन युद्धस्तर पर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में लगा हुआ है। सखालिन के गवर्नर ने इसकी पुष्टि की है। स्थानीय अधिकारियों ने लोगों से सतर्क रहने, आपातकालीन निर्देशों का पालन करने और अफवाहों से बचने की अपील की है।