Europe Flight Bomb Threat: यूरोप में 7 विमानों को बम से उड़ाने की धमकी, कई फ्लाइट्स डायवर्ट; फाइटर जेट की निगरानी में हुई लैंडिंग
यूरोप में गुरुवार को हवाई सुरक्षा को लेकर हड़कंप मच गया। अलग-अलग देशों के सात विमानों को बम से उड़ाने की धमकियां मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। धमकी मिलने वाली फ्लाइट्स में फिनलैंड, इटली, फ्रांस, चेक गणराज्य और बुल्गारिया से जुड़ी उड़ानें शामिल बताई गई हैं। एहतियात के तौर पर कई विमानों का रास्ता बदल दिया गया, जबकि कुछ को फाइटर जेट की निगरानी में सुरक्षित उतारा गया।
इन घटनाओं के बाद संबंधित एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच तेज कर दी गई। बम निरोधक दस्तों ने विमानों की तलाशी ली। फिलहाल इन धमकियों के पीछे किसका हाथ है, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। गौरतलब है कि दो दिन पहले भी यूरोप में करीब 10 विमानों को बम से उड़ाने की धमकियां मिली थीं, लेकिन बाद में वे सभी फर्जी साबित हुई थीं।
आयरलैंड से इटली जा रही फ्लाइट को फ्रांस में उतारा गया
बम की धमकी मिलने के बाद आयरलैंड से इटली जा रही एर लिंगस एयरलाइन की एक फ्लाइट को फ्रांस की ओर डायवर्ट करना पड़ा। विमान की सुरक्षा के लिए फ्रांस की वायुसेना ने फाइटर जेट तैनात किए।
इसके बाद विमान को नॉर्मंडी स्थित एव्रू सैन्य एयरबेस पर सुरक्षित उतारा गया। फ्रांस के प्रधानमंत्री सेबेस्टियन लेकॉर्नू के कार्यालय के मुताबिक, विमान में 151 यात्री और 6 क्रू मेंबर सवार थे। सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद बम निरोधक टीम ने विमान की जांच शुरू की।
फिनलैंड से रोम जा रही फ्लाइट को फाइटर जेट ने दी सुरक्षा
हेलसिंकी से रोम जा रही फिनएयर की फ्लाइट को भी बम की धमकी मिली। इसके बाद इतालवी फाइटर जेट विमान को सुरक्षा देते हुए रोम तक लेकर पहुंचे। लैंडिंग के बाद एयरपोर्ट पर बम निरोधक विशेषज्ञों ने विमान की जांच की।
इसके अलावा हेलसिंकी से वियना जा रही जेटटाइम की एक फ्लाइट को भी धमकी मिलने की जानकारी सामने आई। एहतियात के तौर पर विमान का रास्ता बदला गया और उसे ऑस्ट्रिया की राजधानी वियना में सुरक्षित उतारा गया।
वहीं, मिलान से वॉरसॉ जा रही विज एयर की फ्लाइट को भी बम की धमकी मिली। इसके बाद विमान को डायवर्ट कर वियना में लैंड कराया गया।
बुल्गारिया की तीन फ्लाइट्स को मिली धमकी
बुल्गारिया की राजधानी सोफिया जाने वाली रयानएयर की तीन फ्लाइट्स को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली। इनमें से दो विमान डेनमार्क की राजधानी कोपेनहेगन और स्पेन की राजधानी मैड्रिड से आ रहे थे। दोनों विमानों को सोफिया एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया।
वहीं, लंदन से बुल्गारिया जा रही तीसरी फ्लाइट का रास्ता बदलकर उसे देश के दूसरे सबसे बड़े शहर प्लोवदिव में उतारा गया। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने विमानों की जांच और एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी शुरू कर दी।
प्राग जाने वाली चार फ्लाइट्स को भी मिली धमकी
चेक गणराज्य की राजधानी प्राग जाने वाली चार फ्लाइट्स को भी बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना सामने आई। इसके बाद एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने आपातकालीन लैंडिंग की तैयारियां शुरू कर दीं।
लगातार मिल रही धमकियों के कारण यूरोप के कई एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इन सभी धमकियों के पीछे एक ही समूह है या अलग-अलग लोगों ने ऐसा किया है।
दो दिन पहले भी मिली थीं 10 विमानों को धमकियां
यूरोप में विमानों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने का यह पहला मामला नहीं है। इससे दो दिन पहले भी करीब 10 विमानों को इसी तरह की धमकियां मिली थीं। जांच के बाद वे धमकियां फर्जी निकली थीं।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने यूरोप की विमानन सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां सभी मामलों की जांच कर रही हैं। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए विमानों की तलाशी और उड़ानों की निगरानी पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।