×

Eiffel Tower Closed: कर्मचारियों की हड़ताल से बंद रहा एफिल टॉवर, BAPS प्रतिनिधिमंडल के दौरे को लेकर विवाद

 

फ्रांस का विश्व प्रसिद्ध एफिल टॉवर सोमवार को कर्मचारियों की हड़ताल के कारण बंद रहा। कर्मचारियों ने एक धार्मिक प्रतिनिधिमंडल के दौरे के दौरान हुए कथित भेदभाव के विरोध में काम रोक दिया। यह विवाद हिंदू संगठन BAPS (बोचासनवासी अक्षर पुरुषोत्तम स्वामीनारायण संस्था) के प्रतिनिधिमंडल के दौरे से जुड़ा है। कर्मचारी यूनियन का आरोप है कि शनिवार को BAPS प्रतिनिधिमंडल के एफिल टॉवर पहुंचने के दौरान कुछ महिला कर्मचारियों को उनकी ड्यूटी वाली जगह से हटा दिया गया था। इसके बाद कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ गई और उन्होंने सोमवार को हड़ताल करने का फैसला लिया।

महिला कर्मचारियों को हटाने का लगाया आरोप

स्टाफ यूनियन की प्रतिनिधि डायने डावोआन ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स से बातचीत में आरोप लगाया कि प्रतिनिधिमंडल के आने पर कुछ महिला कर्मचारियों से अपनी जगह छोड़ने को कहा गया, ताकि वहां पुरुष कर्मचारियों को तैनात किया जा सके। उन्होंने कहा कि इस घटना से महिला कर्मचारी खुद को आहत और अपमानित महसूस कर रही हैं। यूनियन का कहना है कि यह कदम कार्यस्थल पर महिला-पुरुष समानता के सिद्धांतों के खिलाफ है।

प्रबंधन ने मानी गलती

एफिल टॉवर का संचालन करने वाली कंपनी SETE ने फ्रांसीसी मीडिया AFP को बताया कि BAPS की ओर से ऐसा इंतजाम करने का अनुरोध किया गया था, जिसमें महिलाओं के साथ बातचीत कम से कम हो। SETE ने माना कि उसे इस अनुरोध को स्वीकार नहीं करना चाहिए था। कंपनी ने कहा कि यह फैसला उसकी नीतियों और महिला-पुरुष समानता के मूल्यों के अनुरूप नहीं था। SETE के अध्यक्ष एरियल वील ने घटना को पूरी तरह गलत बताते हुए कहा कि एफिल टॉवर फ्रांस के नियमों और लैंगिक समानता के सिद्धांतों का सम्मान करता है।

कर्मचारियों ने की प्रबंधन से बातचीत

घटना के बाद सोमवार को कर्मचारियों ने बैठक की और प्रबंधन के साथ बातचीत की। कर्मचारियों ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कार्यस्थल पर समानता और सम्मान बनाए रखने की मांग की। हड़ताल के कारण पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ा और एफिल टॉवर को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा।

पेरिस मेयर ने जांच के दिए आदेश

पेरिस के मेयर इमैनुएल ग्रेगोआर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराने की बात कही है। उन्होंने कर्मचारियों की नाराजगी को जायज बताया और कहा कि किसी भी परिस्थिति में समानता के सिद्धांतों से समझौता नहीं किया जा सकता। एफिल टॉवर फ्रांस की पहचान और दुनिया के सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में से एक है। यहां हर साल लाखों पर्यटक पहुंचते हैं। कर्मचारियों की हड़ताल के कारण इसका बंद होना अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और प्रबंधन की ओर से भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न होने का आश्वासन दिया गया है।