ताजिकिस्तान में 5.3 तीव्रता का भूकंप, भारत के सीमावर्ती इलाकों में भी महसूस हुए झटके, जानें प्रभावित क्षेत्र
शुक्रवार को जम्मू और कश्मीर में एक तेज़ भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.3 मापी गई। हालांकि, भूकंप का केंद्र भारत में नहीं, बल्कि ताजिकिस्तान में था। अब तक जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। स्थानीय मौसम विभाग के निदेशक मुख्तार अहमद ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि भूकंप सुबह 2:44 बजे आया और इसकी तीव्रता 5.3 थी।
भूकंप सतह से 110 किलोमीटर नीचे आया
मौसम विभाग के निदेशक ने आगे बताया कि भूकंप का केंद्र ताजिकिस्तान में था और यह धरती की सतह से 110 किलोमीटर की गहराई पर आया था। इसका सटीक स्थान 38.26 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 73.42 डिग्री पूर्वी देशांतर था। इसके झटके भारत में जम्मू और कश्मीर तक महसूस किए गए। कश्मीर के गांदरबल जिले के निवासियों के अनुसार, वे अपनी रसोई में बर्तनों की खड़खड़ाहट से जाग गए। जब वे जागे, तो उन्हें एहसास हुआ कि ज़मीन हिल रही है और भूकंप आया है।
2005 का विनाशकारी कश्मीर भूकंप
कश्मीर की भौगोलिक संरचना इस क्षेत्र में भूकंप का मुख्य कारण है। अतीत में यहां कई विनाशकारी भूकंप आ चुके हैं। 8 अक्टूबर, 2005 को 7.6 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसका केंद्र पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में मुज़फ़्फ़राबाद शहर से 19 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में था। इस भूकंप में 80,000 से ज़्यादा लोग मारे गए थे, और मुज़फ़्फ़राबाद शहर पूरी तरह से तबाह हो गया था। जम्मू और कश्मीर में भी हज़ारों इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं थीं, और इसके बाद लगभग एक महीने तक झटके महसूस किए गए थे।