रूस में भूकंप और सुनामी की चेतावनी, जापान में फिर मंडराया खतरा: 2011 की तबाही की यादें ताजा
रूस में आए भूकंप के बाद सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई है। इसके साथ ही, जापान में भी सुनामी का खतरा मंडरा रहा है। जापान में 2011 में आई सुनामी को लोग अभी तक भूल नहीं पाए हैं। अब सुनामी की चेतावनी के बाद, उस तबाही की तस्वीरें लोगों के ज़हन में ताज़ा हैं। सुनामी से पहले जापान में 9.1 तीव्रता का भूकंप आया था। इसके बाद समुद्र उफान पर आ गया। समुद्र से उठी लहरें इतनी तेज़ थीं कि पानी में खड़े जहाज सड़कों पर आ गए। शहरों की सड़कों पर नावों के साथ कारें भी तैर रही थीं।
भूकंप के कारण आई थी दरार
जापान में अक्सर भूकंप आते रहते हैं, लेकिन 2011 में आए भूकंप की तीव्रता सामान्य से कहीं ज़्यादा थी। इसके ठीक 30 मिनट बाद पूरी तस्वीर बदल गई। दरअसल, भूकंप से समुद्र में 300 किलोमीटर लंबी और 150 किलोमीटर चौड़ी दरार पड़ गई। इसके बाद ही समुद्र में हलचल शुरू हुई, जिसके चलते चेतावनी जारी कर दी गई। आसपास के सभी इलाकों को खाली करा लिया गया। कुछ ही मिनटों में पानी की तेज़ लहरें शहर के अंदरूनी हिस्से तक पहुँच गईं। इस दौरान, जो जहाज पानी में खड़े थे, वे भी पानी के साथ बहकर सड़कों पर आ गए।
1900 के बाद सबसे खतरनाक भूकंप
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, साल 1900 के बाद जापान में ही इतना खतरनाक भूकंप आया है। इससे पहले दुनिया भर में ऐसे तीन भूकंप आए थे। जापान में सुनामी से पहले चेतावनी सायरन बजाए गए थे। इस बीच, लोग खतरे वाले इलाकों से निकल गए थे, लेकिन फिर भी इसमें लगभग 19 हज़ार नागरिकों की मौत हो गई। सुनामी से पहले पानी की लहरें जिस तरह शहर की ओर बढ़ रही थीं, उसके कई वीडियो सामने आए। इनमें देखा जा सकता है कि कैसे खाली शहर धीरे-धीरे पानी में तब्दील हो गया है।