×

Donald Trump के एक घंटे में 7 बैक-टू-बैक पोस्ट, ईरान के नक्शे और खार्ग द्वीप को लेकर दिया बड़ा बयान

 

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान को लेकर सोशल मीडिया पर बेहद आक्रामक रुख अपनाया। रविवार रात करीब एक घंटे के भीतर उन्होंने लगातार 7 पोस्ट शेयर कीं। इन पोस्ट में ट्रम्प ने ईरान की कमजोर होती अर्थव्यवस्था, घटते तेल निर्यात, महंगाई और तेजी से गिरती करेंसी को निशाने पर लिया।

ट्रम्प ने ईरान के नक्शे के साथ अपनी तस्वीर भी शेयर की। हालांकि, सबसे ज्यादा चर्चा खार्ग द्वीप से जुड़ी एक AI तस्वीर की रही। इसमें ईरान के प्रमुख तेल केंद्र पर बमबारी जैसा दृश्य दिखाया गया था और तस्वीर पर लिखा था- ‘बाय-बाय खार्ग’

1. ईरान के नक्शे को ट्रम्प के चेहरे जैसा दिखाया

ट्रम्प ने एक ऐसा ग्राफिक शेयर किया, जिसमें ईरान के नक्शे को दो हिस्सों में दिखाया गया था। ऊपर सामान्य नक्शा था, जबकि नीचे नक्शे की सीमा को इस तरह बदला गया कि उसका आकार ट्रम्प के साइड प्रोफाइल जैसा नजर आए।

इस पोस्ट के जरिए ट्रम्प ने ईरान को लेकर अपने आक्रामक राजनीतिक संदेश को और स्पष्ट किया।

2. होर्मुज से तेल की सप्लाई पर किया दावा

एक अन्य पोस्ट में ट्रम्प ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले तेल का ग्राफिक साझा किया। इसमें दावा किया गया कि फिलहाल होर्मुज से करीब 1.8 करोड़ बैरल तेल रोजाना गुजर रहा है, जबकि पहले यह आंकड़ा करीब 2 करोड़ बैरल प्रतिदिन था।

होर्मुज दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल मार्गों में से एक है। यहां किसी तरह का बड़ा व्यवधान वैश्विक तेल बाजार को प्रभावित कर सकता है।

3. ईरान के तेल निर्यात में भारी गिरावट का दावा

ट्रम्प ने ईरान के तेल निर्यात से जुड़ा एक और ग्राफिक पोस्ट किया। इसमें दावा किया गया कि 2025 की शुरुआत में ईरान करीब 20 लाख बैरल तेल प्रतिदिन निर्यात कर रहा था, लेकिन 2026 में यह आंकड़ा लगभग शून्य तक पहुंच गया।

ग्राफिक में बीच के कुछ समय में निर्यात में सुधार दिखाया गया है, लेकिन तीसरी तिमाही में यह फिर बेहद निचले स्तर पर पहुंचता नजर आया।

4. ईरान की महंगाई पर साधा निशाना

इसके बाद ट्रम्प ने ईरान की महंगाई को लेकर पोस्ट की। इसमें ‘ईरान में हाइपरइन्फ्लेशन’ का दावा किया गया।

हाइपरइन्फ्लेशन ऐसी स्थिति होती है जब किसी देश में वस्तुओं और सेवाओं की कीमतें बहुत तेजी से बढ़ती हैं और उसकी मुद्रा की क्रय शक्ति तेजी से कम होती जाती है। ट्रम्प ने इस ग्राफिक के जरिए ईरान की आर्थिक स्थिति को बेहद खराब बताने की कोशिश की।

5. ईरानी रियाल की गिरती कीमत दिखाई

ट्रम्प ने ईरान की करेंसी रियाल को लेकर भी एक ग्राफिक शेयर किया। इस पर लिखा था- ‘ईरान की करेंसी बर्बाद हो गई’

ग्राफिक में दावा किया गया कि 2025 की शुरुआत में एक अमेरिकी डॉलर की कीमत करीब 9 लाख ईरानी रियाल थी, जबकि दिखाए गए ताजा आंकड़ों में यह बढ़कर 22.7 लाख रियाल से ज्यादा हो गई।

6. खार्ग द्वीप पर AI तस्वीर से बढ़ा तनाव

ट्रम्प की सबसे ज्यादा चर्चा वाली पोस्ट खार्ग द्वीप से जुड़ी रही। उन्होंने एक AI-जनरेटेड तस्वीर शेयर की, जिसमें लड़ाकू विमान ईरान के तेल ठिकाने की ओर बढ़ते और धमाके होते दिखाई दे रहे थे। तस्वीर पर लिखा था- ‘बाय-बाय खार्ग’

खार्ग द्वीप ईरान के लिए बेहद अहम तेल निर्यात केंद्र है। ईरान के कच्चे तेल के निर्यात में इस द्वीप की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। ऐसे में यहां के तेल ढांचे को नुकसान पहुंचने से ईरान की तेल से होने वाली आय पर बड़ा असर पड़ सकता है।

7. ईरान को बताया ‘फेलिंग नेशन’

अपनी पोस्ट की आखिरी कड़ी में ट्रम्प ने ईरान का नक्शा शेयर करते हुए देश को ‘फेलिंग नेशन’ यानी विफल होता राष्ट्र बताया।

उन्होंने ईरान की अर्थव्यवस्था और शासन व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि देश लगातार कमजोर हो रहा है और सरकार स्थिति को संभालने में नाकाम साबित हो रही है।

इस तरह करीब एक घंटे के भीतर की गई इन 7 पोस्ट में ट्रम्प ने ईरान की तेल अर्थव्यवस्था, महंगाई, करेंसी और रणनीतिक तेल ठिकानों को निशाने पर लिया। साथ ही होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर भी अपना दबाव कायम रखा।