×

एक नहीं खुद को 8 नोबेल प्राइज का हकदार मानते है Donald Trump, खुद दिया सनसनीखेज बयान 

 

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पिछले साल नोबेल शांति पुरस्कार न मिलने पर एक बार फिर गहरी निराशा जताई है। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने "आठ" युद्धों को रोककर लाखों लोगों की जान बचाई, और इसलिए उन्हें हर युद्ध के लिए एक नोबेल पुरस्कार मिलना चाहिए था, यानी कुल आठ पुरस्कार। ट्रंप ने नॉर्वेजियन सरकार पर जानबूझकर उन्हें पुरस्कार न देने का आरोप लगाया। हालांकि, नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोर ने साफ कहा है कि नोबेल पुरस्कार देने में सरकार की कोई भूमिका नहीं है।

'मुझे हर युद्ध के लिए नोबेल पुरस्कार मिलना चाहिए था'
ट्रंप ने कहा, "मुझे हर युद्ध के लिए नोबेल पुरस्कार मिलना चाहिए था। लेकिन मैं ऐसा नहीं कहता। मैंने लाखों लोगों की जान बचाई। मुझसे यह मत कहो कि नॉर्वे इसे कंट्रोल नहीं करता, ठीक है? यह नॉर्वे में है। नॉर्वे सब कुछ कंट्रोल करता है।" ट्रंप ने वेनेजुएला की विपक्षी नेता मारिया कोरिना मचाडो की तारीफ की, जिन्होंने उन्हें नोबेल शांति पुरस्कार "ऑफर" किया था। ट्रंप ने कहा कि मचाडो ने माना कि वह इस पुरस्कार के सही हकदार थे। ट्रंप ने कहा, "मारिया ने जो किया, उसके लिए मेरे मन में बहुत सम्मान है। उन्होंने कहा कि नोबेल पुरस्कार मुझे मिलना चाहिए था, उन्हें नहीं।"

नॉर्वे के PM से नोबेल पुरस्कार न मिलने की शिकायत की
मचाडो के इस कदम के बाद, नोबेल फाउंडेशन ने साफ किया कि कोई भी नोबेल विजेता पुरस्कार किसी दूसरे व्यक्ति को ट्रांसफर नहीं कर सकता। संस्था ने एक बयान जारी कर कहा कि पुरस्कार विजेता किसी और के साथ पुरस्कार शेयर नहीं कर सकता, और न ही घोषणा के बाद इसे ट्रांसफर किया जा सकता है। ट्रंप ने पहले भी नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोर से नोबेल पुरस्कार न मिलने की शिकायत की थी। अपने संदेश में, ट्रंप ने कहा था, "प्रिय जोनास: क्योंकि आपके देश ने 8 युद्धों को रोकने के लिए मुझे नोबेल शांति पुरस्कार नहीं दिया, इसलिए अब मैं सिर्फ शांति के बारे में सोचने के लिए बाध्य नहीं हूं। हालांकि शांति हमेशा मेरी मुख्य प्राथमिकता रहेगी, लेकिन अब मैं अमेरिका के लिए जो अच्छा और सही है, उसके बारे में सोचूंगा।"