ईरान ने होर्मुज में हमला कर खुद बढ़ाई मुश्किलें? ट्रंप के सीजफायर खत्म करने के ऐलान के बाद इजरायल का 'मिशन बदला' हुआ एक्टिव
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ चल रहे सीज़फायर (युद्धविराम) समझौते को पूरी तरह खत्म करने का ऐलान किया है। ट्रंप ने साफ कर दिया है कि अब ईरान से बातचीत करना समय की बर्बादी है; वे किसी भी हाल में उस देश को परमाणु हथियार नहीं बनाने देंगे। ट्रंप के ऐलान के बाद इज़राइल का 'मिशन बदला' शुरू हो गया है। इज़राइली मीडिया की लीक हुई रिपोर्टों से पता चलता है कि प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरान के सैन्य और परमाणु ठिकानों पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले की योजना को अंतिम रूप दे दिया है।
कहा जा रहा है कि ट्रंप की हरी झंडी मिलने के बाद, इज़राइल अब ईरान से पुराने हिसाब-किताब बराबर कर सकता है। यह पूरा विवाद डोनाल्ड ट्रंप के एक कड़े बयान से शुरू हुआ, जिसने अंतरराष्ट्रीय राजनीति में हलचल मचा दी। तेहरान को चेतावनी देते हुए ट्रंप ने कहा कि वे किसी भी कीमत पर ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देंगे। उन्होंने आगे बढ़कर 'शासन परिवर्तन' (regime change) का भी संकेत दिया और कहा कि "ईरान का नेतृत्व सही हाथों में नहीं है।" ट्रंप का मानना है कि ईरान के मौजूदा शासकों से बात करना समय की बर्बादी है। अमेरिकी रुख में आए इस बदलाव ने ईरान का मनोबल तोड़ दिया है, क्योंकि ट्रंप ने व्यक्तिगत रूप से उन प्रतिबंधों और सीज़फायर समझौतों के कवच को खत्म कर दिया है जिन्होंने पहले देश की रक्षा की थी।
ट्रंप ने अपने बयान में क्या कहा?
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की कि ईरान के साथ सीज़फायर समझौता 'खत्म' हो गया है। अंकारा में नाटो शिखर सम्मेलन से पहले नाटो प्रमुख मार्क रुटे से बात करते हुए, राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान के बारे में पूछे गए सवालों के जवाब में कहा, "मुझे लगता है कि यह खत्म हो गया है। जब भी वे हमला करेंगे, उन्हें जवाब दिया जाएगा।" ईरान के साथ सीज़फायर की स्थिति के बारे में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, "मुझे लगता है कि यह खत्म हो गया है। मैं अब उनसे कोई लेन-देन नहीं करना चाहता। वे बहुत बुरे लोग हैं। उन्हें बीमार मानसिकता वाले लोग चला रहे हैं। मैं अपने वार्ताकारों से बात करूंगा। वे बातचीत करना चाहते हैं - वे अच्छे लोग हैं - लेकिन उन्हें मेरे पास वापस आना होगा। जहां तक मेरी बात है, उनसे निपटना सिर्फ समय की बर्बादी है।"
ईरान से निपटना सिर्फ समय की बर्बादी है - ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान के साथ आगे की कूटनीतिक बातचीत को "समय की बर्बादी" बताया है। ट्रंप ने यह टिप्पणी तब की जब एक पत्रकार ने उनसे पूछा कि क्या ईरान के साथ सीज़फायर टूट गया है और क्या 14-सूत्रीय समझौता असल में बेकार हो गया है। तुर्की में NATO समिट में बोलते हुए, ट्रंप ने यह भी कहा कि वह "ग्रीनलैंड और ईरान के मुद्दों पर NATO से खुश नहीं हैं।"