4 घंट और इस एक कमरे में 7000 परमाणु हथियारों का कंट्रोल....ट्रम्प और पुतिन की हाई लेवल मीटिंग पर दुनियाभर की नजर
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन आज अलास्का में मिलेंगे। 6 साल बाद होने वाली यह मुलाकात एंकोरेज स्थित एल्मेंडॉर्फ-रिचर्डसन सैन्य अड्डे पर होगी। दोनों नेता 4 घंटे तक बैठक करेंगे। इस दौरान एक ही कमरे में 7000 परमाणु हथियारों को नियंत्रित किया जाएगा। नागासाकी परमाणु अनुसंधान संस्थान के अनुसार, रूस के पास 4,310 परमाणु हथियार हैं। इसी तरह, अमेरिका के पास लगभग 3900 परमाणु हथियार हैं।
फरवरी 2022 में रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद से पुतिन को शायद ही किसी देश में देखा गया हो। अलास्का में पुतिन की सुरक्षा कई स्तरों पर होगी। पुतिन की सुरक्षा के लिए रूस की संघीय सुरक्षा सेवा (FSO) की एक विशेष इकाई तैनात की जाएगी। पुतिन के अंगरक्षकों के पास कई सूटकेस होंगे, लेकिन ये साधारण सूटकेस नहीं होंगे। सभी सूटकेस बुलेटप्रूफ सुरक्षा वाले होंगे, जिनका इस्तेमाल पुतिन पर गोली चलने की स्थिति में ढाल के रूप में किया जा सकेगा।
पुतिन रूस का परमाणु ब्रीफ़केस चेगेट भी रखते हैं। इसका नाम काकेशस पर्वत पर स्थित माउंट चेगेट के नाम पर रखा गया है। यह ब्रीफ़केस पुतिन के पास हर समय रहता है, लेकिन इसकी तस्वीरें शायद ही कभी ली जाती हैं। इसे आमतौर पर रूसी नौसेना का एक अधिकारी अपने साथ रखता है। यह एक संचार उपकरण है, जिससे किसी भी समय परमाणु हमला करने का आदेश दिया जा सकता है। इस सूटकेस को रिमोट से होने वाले विस्फोटों से बचाने के लिए जैमर भी लगाए गए हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप एक ब्रीफ़केस रखते हैं, जिसे न्यूक्लियर फ़ुटबॉल के नाम से जाना जाता है। इसे आधिकारिक तौर पर प्रेसिडेंशियल इमरजेंसी सैचेल कहा जाता है। इसके ज़रिए राष्ट्रपति व्हाइट हाउस सिचुएशन रूम या प्रेसिडेंशियल इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर को परमाणु हमले का आदेश दे सकते हैं। न्यूक्लियर फ़ुटबॉल में बिस्किट जैसा दिखने वाला एक कार्ड होता है, जिस पर परमाणु लॉन्च कोड लिखे होते हैं।पुतिन-ट्रंप मुलाकात के दौरान रूसी और अमेरिकी विशेष एजेंटों का मज़बूत सुरक्षा घेरा रहेगा। एंकोरेज के पास स्थित बेस अमेरिकी वायु सेना, थलसेना, नौसेना और मरीन कॉर्प्स के सैनिकों के साथ-साथ नेशनल गार्ड्स के जवानों से भरा हुआ है।