×

Telegram पर संकट के बादल! रूस ने लगाया फाउंडर पावेल दुरोव पर आतंकवाद फैलाने का इल्जाम, जानिए पूरा मामला 

 

रूस की मुख्य सुरक्षा एजेंसी, फेडरल सिक्योरिटी सर्विस (FSS) ने मैसेजिंग ऐप टेलीग्राम के फाउंडर पावेल डुरोव पर आतंकवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है। रूस ने उन्हें इंटरनेशनल वॉन्टेड लिस्ट में भी शामिल किया है। FSS का आरोप है कि टेलीग्राम का मैनेजमेंट उन चैनल्स, चैट्स और बॉट्स को हटाने में नाकाम रहा है, जिनका इस्तेमाल यूक्रेनी इंटेलिजेंस एजेंसियों और चरमपंथी संगठनों ने रूस में तोड़-फोड़, साइबर फ्रॉड और आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए किया है।

**रूस में टेलीग्राम ऐप पर पूरी तरह से बैन लग सकता है**

सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि बार-बार चेतावनी देने के बावजूद, टेलीग्राम के मैनेजमेंट ने इन तत्वों को खत्म करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए हैं। पावेल डुरोव के खिलाफ इस नए मामले के दर्ज होने से टेलीग्राम के भविष्य और रूस में इसकी सेवाओं पर पूरी तरह से बैन लगने की संभावना को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।

**डुरोव दुबई से ऐप का कामकाज संभालते हैं**

पावेल डुरोव का जन्म रूस में हुआ था, लेकिन 2021 में उन्हें फ्रांस की नागरिकता मिल गई। फिलहाल वह दुबई से अपनी कंपनी और ऐप का कामकाज संभालते हैं।

**टेलीग्राम पर अभी भी पाबंदियां हैं, लेकिन यह लोकप्रिय बना हुआ है**

टेलीग्राम रूस के सबसे लोकप्रिय मैसेजिंग ऐप्स में से एक है। रूसी सरकार सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए पहले ही इस ऐप पर सख्त पाबंदियां लगा चुकी है। इसके बावजूद, आम लोगों से लेकर सरकारी और सैन्य कर्मचारी तक, सभी इसका बड़े पैमाने पर इस्तेमाल करते हैं।

**फेडरल सिक्योरिटी सर्विस (FSS) क्या है?**

FSS रूस की मुख्य घरेलू सुरक्षा और इंटेलिजेंस एजेंसी है। इसे पूर्व सोवियत संघ की इंटेलिजेंस एजेंसी KGB का उत्तराधिकारी माना जाता है। इसकी मुख्य जिम्मेदारियों में देश के भीतर आतंकवाद को रोकना, सीमाओं की सुरक्षा करना और साइबर सुरक्षा की निगरानी करना शामिल है।

**पावेल डुरोव कौन हैं?**

1984 में रूस में जन्मे डुरोव को अक्सर "रूसी मार्क जुकरबर्ग" कहा जाता है। टेलीग्राम से पहले, उन्होंने रूस के सबसे बड़े सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म VK को बनाया था। डेटा प्राइवेसी और अभिव्यक्ति की आज़ादी को लेकर सरकार के साथ विवाद के बाद 2014 में उन्होंने रूस छोड़ दिया था। डुरोव अभी दुबई में रहते हैं।