लंदन में बांग्लादेशी नेता नाहिद इस्लाम के स्वागत कार्यक्रम में बवाल, वीडियो में देंखे अवामी लीग और एनसीपी समर्थक भिड़े; पुलिस ने किया लाठीचार्ज
ब्रिटेन की राजधानी लंदन में सोमवार रात बांग्लादेशी नेता नाहिद इस्लाम के स्वागत कार्यक्रम के दौरान जमकर हंगामा हुआ। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग और नेशनल सिटिजन पार्टी (एनसीपी) के समर्थक आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों गुटों के बीच सड़क पर मारपीट शुरू हो गई। हालात बिगड़ने पर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कई बार लाठीचार्ज किया। इस झड़प में 4 से 5 लोगों के घायल होने की खबर है।ढाका ट्रिब्यून और प्रोथोम आलो की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना पूर्वी लंदन के रोमफोर्ड इलाके में स्थित मेफेयर हॉल के बाहर हुई। ब्रिटेन में रहने वाले बांग्लादेशी समुदाय के लोगों ने नाहिद इस्लाम के सम्मान में इस कार्यक्रम का आयोजन किया था। नाहिद इस्लाम बांग्लादेश की ढाका-11 सीट से सांसद हैं।
कार्यक्रम में पहुंच रहे लोगों पर फेंके अंडे और पानी की बोतलें
रिपोर्ट के मुताबिक, कार्यक्रम के दौरान अवामी लीग के समर्थक मेफेयर हॉल के बाहर जमा हो गए थे। चश्मदीदों और कार्यक्रम के आयोजकों ने आरोप लगाया कि अवामी लीग समर्थकों ने स्वागत कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंच रहे लोगों पर अंडे और पानी की बोतलें फेंकीं।इस घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया। शुरुआत में कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला हिंसक झड़प में बदल गया। कार्यक्रम में शामिल होने आए लोगों और विरोध कर रहे समर्थकों के बीच टकराव शुरू हो गया।
कार्यक्रम खत्म होते ही सड़क पर शुरू हुई मारपीट
बताया गया कि कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दोनों गुटों के समर्थक एक-दूसरे के पीछे दौड़ने लगे। इसके बाद सड़क पर दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि पुलिस को भीड़ को हटाने के लिए कई बार लाठीचार्ज करना पड़ा।रिपोर्ट के अनुसार, यह झड़प करीब 20 मिनट तक चली। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद हालात पर काबू पाया। घटना के दौरान कई लोग घायल हो गए।
घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
इस घटना में घायलों की संख्या को लेकर दोनों बांग्लादेशी समाचार माध्यमों की रिपोर्ट में अंतर है। ढाका ट्रिब्यून ने चार लोगों के घायल होने की जानकारी दी है। वहीं, प्रोथोम आलो के मुताबिक, झड़प में पांच लोग घायल हुए हैं।रिपोर्ट में बताया गया है कि घायलों को किंग्स कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
कौन हैं नाहिद इस्लाम?
नाहिद इस्लाम बांग्लादेश की राजनीति में प्रमुख युवा नेताओं में शामिल हैं। वह नेशनल सिटिजन पार्टी से जुड़े हैं और ढाका-11 संसदीय सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं। उनके सम्मान में ब्रिटेन के बांग्लादेशी समुदाय की ओर से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था।हालांकि, कार्यक्रम के दौरान अवामी लीग और एनसीपी समर्थकों के बीच हुए टकराव ने आयोजन को हिंसक झड़प में बदल दिया। घटना के बाद लंदन में रह रहे बांग्लादेशी समुदाय के बीच भी यह मामला चर्चा का विषय बन गया है।