×

BRICS Summit 2026 Live : दिल्ली पहुंचे पुतिन, मोदी से आज होगी अहम बैठक; शी जिनपिंग भी कल आएंगे भारत
 

 

18वें BRICS सम्मेलन के लिए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शुक्रवार सुबह नई दिल्ली पहुंच गए। उनका विमान करीब 3 बजे भारत की राजधानी में उतरा। पालम एयरपोर्ट पर भारतीय अधिकारियों ने रूसी राष्ट्रपति का गर्मजोशी से स्वागत किया। केंद्रीय मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ भी पुतिन की अगवानी के लिए एयरपोर्ट पहुंचे।
भारत दौरे के दौरान पुतिन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच शुक्रवार को महत्वपूर्ण द्विपक्षीय वार्ता होने वाली है। दोनों नेताओं की बातचीत में रक्षा, ऊर्जा, व्यापार, तकनीक और रणनीतिक साझेदारी से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।
रक्षा और ऊर्जा सहयोग पर रहेगी खास नजर
मोदी और पुतिन की पिछली मुलाकात 31 अगस्त को बिश्केक में SCO शिखर सम्मेलन के दौरान हुई थी। उस दौरान दोनों नेताओं ने भारत-रूस संबंधों से जुड़े कई क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा की थी।
अब दिल्ली में होने वाली बैठक में रक्षा सहयोग महत्वपूर्ण मुद्दा बन सकता है। ब्रह्मोस मिसाइल के संभावित अपग्रेड, S-400 सिस्टम की बाकी डिलीवरी और Su-57 लड़ाकू विमान से संबंधित प्रस्तावों पर दोनों पक्षों के बीच बातचीत होने की संभावना है।
इसके अलावा भारत में नए सिविल न्यूक्लियर रिएक्टर स्थापित करने की योजना और ऊर्जा क्षेत्र में दोनों देशों के सहयोग पर भी चर्चा हो सकती है। भारत और रूस के बीच लंबे समय से चल रही रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिहाज से यह बैठक काफी अहम मानी जा रही है।


BRICS Business Forum में भी हिस्सा लेंगे पुतिन
पुतिन सिर्फ शिखर सम्मेलन तक सीमित नहीं रहेंगे। वह BRICS बिजनेस फोरम के प्लेनरी सेशन में भी हिस्सा लेंगे और इसे संबोधित करेंगे। इस दौरान भारत और रूस के बीच व्यापार, निवेश और तकनीकी साझेदारी को बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा हो सकती है।
रूसी राष्ट्रपति के कार्यक्रम में BRICS सदस्य देशों के कई नेताओं के साथ द्विपक्षीय मुलाकातें भी शामिल हैं। सम्मेलन के दौरान दक्षिण अफ्रीका, मलेशिया और मिस्र समेत अन्य देशों के नेताओं के साथ उनकी बातचीत होने की संभावना है।
7 साल बाद भारत आएंगे Xi Jinping
BRICS Summit 2026 में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की भारत यात्रा भी कूटनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण होगी। शी जिनपिंग 12 सितंबर को दिल्ली पहुंचेंगे। इसके बाद शनिवार शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी अलग द्विपक्षीय बैठक प्रस्तावित है।
करीब सात साल बाद होने वाली इस भारत यात्रा के दौरान दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय संबंधों के साथ व्यापार और सीमा से जुड़े मुद्दों पर बातचीत हो सकती है। BRICS मंच पर मोदी और शी की मुलाकात को भारत-चीन संबंधों के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।
ईरान के राष्ट्रपति से भी मिल सकते हैं PM मोदी
BRICS सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन के साथ भी बातचीत होने की संभावना है। पश्चिम एशिया में जारी तनाव और ऊर्जा आपूर्ति से जुड़े मुद्दे इस बैठक में प्रमुखता से उठ सकते हैं।
BRICS में ईरान की मौजूदगी के बाद संगठन का दायरा पश्चिम एशिया से जुड़े रणनीतिक मामलों में भी बढ़ा है। ऐसे में भारत के लिए ईरान के साथ आर्थिक, ऊर्जा और रणनीतिक संबंधों को संतुलित बनाए रखना महत्वपूर्ण होगा।
पुतिन और शी जिनपिंग की भारत यात्रा के बीच BRICS Summit 2026 नई दिल्ली में बड़े कूटनीतिक घटनाक्रम का मंच बनता दिखाई दे रहा है। भारत की मेजबानी में होने वाले इस सम्मेलन पर दुनिया की नजरें टिकी हैं।