☰
×

BREAKING:America Flight Emergency: कम्युनिकेशन सिस्टम फेल, पूरे देश में उड़ानों पर लगी रोक; 7 हजार फ्लाइट्स प्रभावित

 

अमेरिका में शुक्रवार को एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में आई गंभीर तकनीकी गड़बड़ी के बाद देशभर में उड़ानों का संचालन प्रभावित हो गया। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने कुछ समय के लिए पूरे देश में उड़ानों पर रोक लगाने का फैसला किया। अचानक लिए गए इस निर्णय से कई एयरपोर्ट पर यात्रियों की परेशानी बढ़ गई।

रिपोर्ट के मुताबिक, इस तकनीकी समस्या के कारण करीब 7,000 उड़ानों में देरी हुई या उन्हें रद्द करना पड़ा। न्यूयॉर्क, वॉशिंगटन और कैलिफोर्निया सहित कई बड़े शहरों के एयरपोर्ट पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई। बड़ी संख्या में यात्रियों को अपनी फ्लाइट के दोबारा शुरू होने का इंतजार करना पड़ा।

अमेरिका के ट्रांसपोर्ट सेक्रेटरी सीन डफी ने बताया कि देश के 22 एयर ट्रैफिक कंट्रोल सेंटर में परेशानी सामने आई है। तकनीकी विशेषज्ञ और कर्मचारी सिस्टम को जल्द से जल्द सामान्य करने में जुटे हुए हैं। अधिकारियों की प्राथमिकता एयर ट्रैफिक व्यवस्था को सुरक्षित तरीके से बहाल करना है।

इस घटना को अमेरिका के विमानन इतिहास में बड़ी घटना माना जा रहा है। 11 सितंबर 2001 के आतंकी हमलों के बाद देशभर की उड़ानों को रोकने की यह दूसरी बड़ी घटना बताई जा रही है। इससे पहले जनवरी 2023 में FAA के मुख्य कंप्यूटर सिस्टम में तकनीकी खराबी के कारण अमेरिका में सभी घरेलू उड़ानों को अस्थायी रूप से रोका गया था।

ताजा घटनाक्रम के बाद एयरलाइंस और एयरपोर्ट प्रशासन यात्रियों को लगातार अपडेट दे रहे हैं। यात्रियों को अपनी फ्लाइट की स्थिति जांचने और एयरलाइन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।