☰
×

BREAKING:Spy Case: न्यूड फोटो के बदले पाकिस्तानी एजेंट को देता था सैन्य राज, विंग कमांडर की चार्जशीट में बड़े खुलासे

 

भारतीय वायुसेना के एक विंग कमांडर पर पाकिस्तानी महिला एजेंट के हनीट्रैप में फंसकर देश की सुरक्षा से जुड़ी गोपनीय जानकारियां साझा करने का आरोप है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की ओर से अदालत में दाखिल चार्जशीट में दावा किया गया है कि आरोपी ने लेह में लड़ाकू विमानों की तैनाती, राजस्थान में सैन्य अभ्यास और ड्रोन यूनिट की क्षमताओं से जुड़ी संवेदनशील जानकारी पाकिस्तान को भेजी थी।

आरोपों के मुताबिक, अधिकारी ने महिला एजेंट से न्यूड तस्वीरों की मांग की थी। उसने कथित तौर पर कहा था कि हर न्यूड फोटो के बदले वह वॉर प्लान का एक नया पन्ना साझा करेगा। चार्जशीट में यह भी दावा किया गया है कि उसने युद्ध की स्थिति में सेना की संभावित तैनाती से जुड़े दस्तावेजों के पन्ने भेजे थे।

आरोपी विंग कमांडर मनोरथ सिंह सभरवाल को 30 मई 2026 को गिरफ्तार किया गया था। पटियाला हाउस कोर्ट ने उसे 5 दिसंबर को अदालत में पेश करने का आदेश दिया है।

3008 वॉट्सऐप मैसेज और 42 कॉल की जांच

दिल्ली पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस टीम ने आरोपी और संदिग्ध पाकिस्तानी एजेंट के बीच हुई बातचीत की जांच की। चार्जशीट के मुताबिक, दोनों के बीच 3008 वॉट्सऐप मैसेज, 65 फोटो, 65 रिएक्शन, 42 कॉल, 4 वीडियो कॉल और 6 लिंक साझा किए गए थे।

पुलिस का दावा है कि अधिकारी 12 जनवरी से 1 अप्रैल 2026 के बीच संदिग्ध पाकिस्तानी एजेंट के संपर्क में था। बताया गया है कि महिला एजेंट गुजरात की सिम के जरिए वॉट्सऐप चला रही थी और उसने सोशल मीडिया के माध्यम से अधिकारी को अपने जाल में फंसाया था।

ऑफिस में प्रतिबंधित आईफोन ले जाने पर खुला मामला

आरोपी की गतिविधियों का पता तब चला, जब उसे रेस कोर्स स्थित अपने कार्यालय में आईफोन ले जाते समय सुरक्षा कर्मचारियों ने रोक लिया। बताया गया है कि वह एक गोपनीय इकाई का प्रमुख था, इसलिए कार्यालय में मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं थी।

फोन की जांच के दौरान वॉट्सऐप चैट और संवेदनशील जानकारियां साझा किए जाने से जुड़े सबूत सामने आए। इसके बाद वायुसेना अधिकारियों को मामले की जानकारी मिली और दिल्ली पुलिस को शिकायत दी गई।

ड्रोन यूनिट की क्षमता और तकनीक की जानकारी देने का आरोप

चार्जशीट के अनुसार, अधिकारी ने कथित तौर पर ड्रोन यूनिट में तैनात कर्मचारियों की संख्या, उसके काम करने के तरीके और ऑपरेशनल क्षमताओं की जानकारी साझा की थी। ड्रोन कितनी देर तक उड़ सकते हैं, उनका परीक्षण कैसे होता है और वे निशाना कैसे तय करते हैं, इससे जुड़ा ब्योरा भी एजेंट तक पहुंचाने का आरोप है।

पांच सहयोगियों के डिवाइस में जासूसी सॉफ्टवेयर डलवाने का दावा

पुलिस ने आरोप लगाया है कि पाकिस्तानी एजेंट के कहने पर विंग कमांडर ने अपने अधीन काम करने वाले पांच कर्मचारियों के मोबाइल फोन और अन्य उपकरणों में जासूसी सॉफ्टवेयर इंस्टॉल करवाया था। इससे उन उपकरणों में मौजूद निजी और सैन्य जानकारियों तक पहुंच बनाई जा सकती थी।

मामला सामने आने के बाद वायुसेना की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई की। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेज दिया गया। फिलहाल ये सभी आरोप पुलिस की चार्जशीट का हिस्सा हैं और मामले में अदालत की सुनवाई बाकी है।