BREAKING:Israel Election: नेतन्याहू और आइजनकोट बहुमत से दूर, 19 सीटों के साथ अरब पार्टियों की भूमिका अहम
इजराइल के चुनावी नतीजों को लेकर सियासी तस्वीर दिलचस्प बनी हुई है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, 90.9% वोटों की गिनती के बाद प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के गठबंधन को 53 सीटें, जबकि विपक्षी नेता गादी आइजनकोट के गठबंधन को 48 सीटें मिलती दिख रही हैं। दोनों ही गठबंधन सरकार बनाने के लिए जरूरी बहुमत से पीछे हैं।
सरकार बनाने में अरब पार्टियों की भूमिका अहम
इजराइल की संसद में कुल 120 सीटें हैं और सरकार बनाने के लिए कम से कम 61 सीटों का समर्थन जरूरी है। ऐसे में अरब पार्टियों को मिलती दिख रही 19 सीटें सरकार गठन की तस्वीर बदल सकती हैं। यदि कोई गठबंधन अपने दम पर बहुमत तक नहीं पहुंचता, तो उसे दूसरे दलों का समर्थन जुटाना पड़ सकता है।
पांच लाख वोटों से बदल सकता है सीटों का गणित
रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुवार सुबह डबल-एनवेलप बैलेट की गिनती शुरू हुई। इन वोटों की संख्या करीब पांच लाख बताई गई है। इनकी गिनती के बाद सीटों के अंतिम बंटवारे में बदलाव संभव है।
डबल-एनवेलप बैलेट व्यवस्था के तहत उन मतदाताओं के वोट गिने जाते हैं, जिन्होंने अपने निर्धारित मतदान केंद्र से अलग स्थान पर मतदान किया। इनमें सैनिक, राजनयिक, पुलिसकर्मी और विस्थापित लोग शामिल हो सकते हैं।
फिलहाल, अंतिम नतीजों और विभिन्न दलों के बीच संभावित गठबंधन पर नजर बनी हुई है। सरकार किसकी बनेगी, इसका फैसला शेष मतों की गिनती और राजनीतिक दलों के समर्थन पर निर्भर करेगा।