☰
×

यूएस मिडटर्म चुनावों की बड़ी खबर: महंगाई के मुद्दे पर भड़के मतदाता, रिपब्लिकन गढ़ में डेमोक्रेट्स की जबरदस्त बढ़त

 

अमेरिका में 3 नवंबर को होने वाले मिडटर्म चुनाव से पहले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की रिपब्लिकन पार्टी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। चुनाव से ठीक पहले आए एक सर्वे में डेमोक्रेटिक पार्टी को बड़ी बढ़त मिलती दिखाई दे रही है। खास बात यह है कि जिन राज्यों में लंबे समय से रिपब्लिकन पार्टी का दबदबा रहा है, वहां भी इस बार डेमोक्रेटिक उम्मीदवार मजबूत स्थिति में नजर आ रहे हैं।

न्यूयॉर्क टाइम्स और सिएना की ओर से चुनाव के लिहाज से अहम सात राज्यों में सर्वे किया गया। इनमें अलास्का, आयोवा, कंसास, मेन, मिशिगन, ओहायो और टेक्सास शामिल हैं। सर्वे के मुताबिक, सात में से छह राज्यों में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार अपने रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वियों से आगे चल रहे हैं। वहीं आयोवा में दोनों पार्टियों के बीच बेहद करीबी मुकाबला देखने को मिल रहा है।रिपब्लिकन पार्टी के लिए चिंता की बड़ी वजह ट्रम्प की घटती लोकप्रियता, महंगाई और रोजमर्रा की चीजों पर बढ़ता खर्च बताया जा रहा है। इन मुद्दों को लेकर मतदाताओं में नाराजगी दिखाई दे रही है।

सात राज्यों में किस पार्टी का उम्मीदवार आगे?

सर्वे में शामिल सातों राज्यों में उम्मीदवारों की स्थिति कुछ इस तरह है:

  • मिशिगन: डेमोक्रेटिक उम्मीदवार अब्दुल अल-सैयद को 53% समर्थन मिला है, जबकि रिपब्लिकन उम्मीदवार माइक रोजर्स 42% पर हैं।

  • मेन: डेमोक्रेटिक उम्मीदवार ट्रॉय जैक्सन 51% समर्थन के साथ आगे हैं। रिपब्लिकन सीनेटर सुसान कॉलिन्स को 45% समर्थन मिला।

  • टेक्सास: डेमोक्रेटिक उम्मीदवार जेम्स टालारिको को 50% और रिपब्लिकन उम्मीदवार केन पैक्सटन को 43% समर्थन मिला।

  • कंसास: डेमोक्रेटिक उम्मीदवार एडम हैमिल्टन 49% के साथ आगे हैं, जबकि रिपब्लिकन सीनेटर रोजर मार्शल को 44% समर्थन मिला।

  • ओहायो: डेमोक्रेटिक उम्मीदवार और पूर्व सीनेटर शेरोड ब्राउन को 49% समर्थन मिला है। वहीं रिपब्लिकन उम्मीदवार जॉन हस्टेड 44% पर हैं।

  • अलास्का: डेमोक्रेटिक उम्मीदवार मैरी पेल्टोला 48% समर्थन के साथ आगे हैं, जबकि रिपब्लिकन सीनेटर डैन सुलिवन को 46% समर्थन मिला।

  • आयोवा: यहां मुकाबला बेहद करीबी है। डेमोक्रेटिक उम्मीदवार जोश ट्यूरेक को 48% और रिपब्लिकन उम्मीदवार एशले हिन्सन को 47% समर्थन मिला है।

इस तरह आयोवा को छोड़कर बाकी छह राज्यों में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार बढ़त बनाए हुए हैं।