Australia Social Media Law: फेक न्यूज और डीपफेक पर सख्ती, नियम तोड़ने वाली कंपनियों पर लगेगा 1000 करोड़ तक जुर्माना
ऑस्ट्रेलिया की सरकार ने सोशल मीडिया और इंटरनेट कंपनियों की जवाबदेही तय करने के लिए नया कानून तैयार किया है। इसके तहत कंपनियों को अपने प्लेटफॉर्म पर फेक न्यूज और नुकसान पहुंचाने वाले कंटेंट को रोकने के लिए खुद कदम उठाने होंगे। यह नियम सोशल मीडिया के अलावा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), AI चैटबॉट और गेमिंग कंपनियों पर भी लागू होगा। नियमों का उल्लंघन करने पर कंपनियों को भारी जुर्माना चुकाना पड़ सकता है।
सरकार के मुताबिक, इस कानून का मुख्य उद्देश्य इंटरनेट पर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। खासतौर पर बच्चों को हिंसक, भ्रामक और नुकसानदायक कंटेंट से बचाने पर जोर दिया गया है।
शिकायत का इंतजार नहीं कर सकेंगी कंपनियां
नए कानून का नाम 'डिजिटल ड्यूटी ऑफ केयर' रखा गया है। इसके तहत कंपनियों को केवल यूजर्स की शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई करने की छूट नहीं होगी। उन्हें अपने प्लेटफॉर्म पर संभावित खतरों की पहचान कर उन्हें रोकने के लिए पहले से व्यवस्था करनी होगी।
इसमें महिलाओं के खिलाफ नफरत फैलाने वाले पोस्ट, हिंसा से जुड़ी सामग्री, खतरनाक स्टंट, डीपफेक और बच्चों के लिए नुकसानदायक कंटेंट शामिल हैं। कंपनियों को अपने प्लेटफॉर्म के डिजाइन और एल्गोरिद्म से पैदा होने वाले जोखिमों को भी कम करना होगा।
नियमों के तहत यूजर्स को यह विकल्प भी दिया जाएगा कि वे सोशल मीडिया के एल्गोरिद्म द्वारा सुझाए गए पोस्ट और वीडियो देखना चाहते हैं या नहीं।
दुनियाभर की कमाई पर लग सकता है जुर्माना
प्रस्तावित कानून अगले साल नवंबर से लागू हो सकता है। इसके दायरे में सोशल मीडिया, गेमिंग, AI और AI चैटबॉट से जुड़ी कंपनियां आएंगी।
नियमों का उल्लंघन करने वाली कंपनियों पर उनके वैश्विक कारोबार से होने वाली कमाई का 5 फीसदी या 10.92 करोड़ ऑस्ट्रेलियाई डॉलर तक जुर्माना लगाया जा सकता है। इन दोनों में से जो राशि अधिक होगी, उसी के आधार पर जुर्माना वसूला जाएगा। हालांकि, छोटे और कम जोखिम वाले कारोबारों को कुछ छूट मिल सकती है।
संचार मंत्री बोलीं- कंपनियों को लेनी होगी जिम्मेदारी
ऑस्ट्रेलिया की संचार मंत्री अनिका वेल्स ने इस कानून की तुलना गाड़ियों में सीट बेल्ट अनिवार्य करने और सिगरेट के पैकेट की पैकिंग को सादा बनाने जैसे सुरक्षा नियमों से की है।
उनका कहना है कि जिस तरह इन नियमों का उद्देश्य लोगों को नुकसान से बचाना है, उसी तरह इंटरनेट कंपनियों की भी जिम्मेदारी है कि वे अपने प्लेटफॉर्म पर होने वाले नुकसान को रोकें।
गौरतलब है कि 2025 में ऑस्ट्रेलिया 16 साल से कम उम्र के बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाने वाला दुनिया का पहला देश बना था।
दूसरे देशों में भी लागू हैं डिजिटल सुरक्षा के नियम
इंटरनेट पर नुकसानदायक कंटेंट को लेकर कई देशों में पहले से नियम मौजूद हैं।
- यूरोपीय संघ: डिजिटल सर्विसेज एक्ट के तहत बड़ी ऑनलाइन कंपनियों को अपने प्लेटफॉर्म से जुड़े जोखिमों की पहचान कर उन्हें कम करना होता है।
- ब्रिटेन: ऑनलाइन सेफ्टी एक्ट के तहत कंपनियों को गैरकानूनी कंटेंट से निपटने और यूजर्स की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने होते हैं।
- भारत: आईटी नियमों के तहत सोशल मीडिया कंपनियों को शिकायतों का निर्धारित समय में निपटारा करना और कानूनी निर्देशों के अनुसार कंटेंट हटाना होता है।
- ऑस्ट्रेलिया: नए प्रस्तावित कानून में कंपनियों को नुकसानदायक कंटेंट हटाने के साथ-साथ उसे पहले से रोकने की जिम्मेदारी भी दी जाएगी।
इस कानून के जरिए ऑस्ट्रेलिया इंटरनेट कंपनियों को केवल कंटेंट होस्ट करने वाले प्लेटफॉर्म के बजाय यूजर्स की डिजिटल सुरक्षा के लिए जिम्मेदार बनाने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है।