US में ट्रम्प के फैसले के बाद सिख पर हमला? ट्रक ड्राइवर जसवंत सिंह पर 17 बार चाकू से वार
अमेरिका के व्योमिंग से पंजाबी सिख समुदाय को चिंता में डालने वाली घटना सामने आई है। यहां 28 साल के एक पंजाबी सिख ट्रक ड्राइवर पर कथित तौर पर 17 बार चाकू से हमला किया गया। हमले में उनकी गर्दन, सीने, हाथ और पसलियों पर गंभीर चोटें आई हैं। घायल ड्राइवर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान एंड्रयू क्रिस बजडैक के रूप में हुई है। उस पर फर्स्ट-डिग्री मर्डर की कोशिश का आरोप लगाया गया है। हालांकि, हमले के पीछे की वजह अभी साफ नहीं हुई है।
बताया जा रहा है कि घटना रविवार सुबह इंटरस्टेट-80 के केबिटर क्रीक रेस्ट एरिया में हुई। ड्राइवर बाथरूम में गए थे, तभी एक व्यक्ति कथित तौर पर उनका पीछा करते हुए अंदर पहुंचा और उन पर चाकू से हमला कर दिया।ड्राइवर के मुताबिक, हमलावर ने लगातार कई वार किए। वह किसी तरह बाथरूम से बाहर निकलने में कामयाब रहे और मदद के लिए फोन किया। उनकी आवाज सुनकर वहां मौजूद एक परिवार मदद के लिए पहुंचा। परिवार ने खून रोकने की कोशिश की और पुलिस को संदिग्ध के ट्रक की जानकारी दी।
इसके बाद व्योमिंग हाईवे पेट्रोल ने रॉलिन्स के पास संदिग्ध ट्रक को रोककर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। यह जगह घटनास्थल से करीब 113 किलोमीटर दूर बताई जा रही है।इस घटना के बीच ट्रम्प प्रशासन के डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी यानी DHS की एक विवादित सोशल मीडिया पोस्ट भी चर्चा में है। हमले से कुछ दिन पहले 9 सितंबर को DHS ने एक AI पोस्टर शेयर किया था, जिसमें ‘मिस्टर सिंह’ को अमेरिका की सड़कों से चले जाने का संदेश दिया गया था और अप्रवासियों से खुद अमेरिका छोड़ने की बात कही गई थी।
हालांकि, पुलिस ने अभी तक सिख ट्रक ड्राइवर पर हुए हमले और DHS की इस पोस्ट के बीच किसी तरह का संबंध नहीं बताया है। हमले का मकसद भी फिलहाल स्पष्ट नहीं है।
भारतीय मूल के अमेरिकी सांसद राजा कृष्णमूर्ति ने भी इस घटना पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि व्योमिंग के रेस्ट स्टॉप पर एक सिख ट्रक ड्राइवर को 17 बार चाकू मारे जाने की घटना परेशान करने वाली है।
पीड़ित ड्राइवर पिछले करीब तीन साल से अमेरिका में ट्रक चला रहे हैं। उनका कहना है कि इस घटना के बाद लंबी दूरी तक ट्रक चलाने वाले पंजाबी सिख ड्राइवरों की सुरक्षा को लेकर उनकी चिंता बढ़ गई है।
दरअसल, अमेरिका में लॉन्ग-हॉल ट्रक ड्राइवरों को कई घंटे और कई बार लगातार कई दिनों तक सड़क पर रहना पड़ता है। ऐसे में हाईवे रेस्ट एरिया और ट्रक स्टॉप उनके लिए आराम और जरूरी सुविधाओं के अहम पड़ाव होते हैं, लेकिन कई रेस्ट एरिया काफी सुनसान भी होते हैं।