☰
×

ट्रंप की हत्या की धमकी देने वाला हथियारबंद शख्स गिरफ्तार, व्हाइट हाउस के पास चोरी की गाड़ी में मिलीं 3 बंदूकें और कारतूस

 

अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर मामला सामने आया है। वॉशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस के पास अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने वेनेजुएला के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के मुताबिक, संदिग्ध के पास मौजूद गाड़ी से तीन हथियार और बड़ी संख्या में कारतूस बरामद हुए हैं। आरोप है कि उसने अधिकारियों से कहा था कि उसके दिमाग में आवाजें आ रही थीं, जो उसे वॉशिंगटन जाकर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हत्या करने के लिए कह रही थीं।

यह घटना गुरुवार, 5 नवंबर की रात की बताई जा रही है। अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग (DHS) ने शुक्रवार को मामले की जानकारी दी। अधिकारियों की सतर्कता के चलते संदिग्ध को समय रहते हिरासत में ले लिया गया और किसी अप्रिय घटना से पहले ही सुरक्षा एजेंसियों ने कार्रवाई की।

व्हाइट हाउस के पास संदिग्ध हालत में खड़ी थी गाड़ी

अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों ने गुरुवार रात कॉन्स्टिट्यूशन एवेन्यू पर खड़ी एक गाड़ी में संदिग्ध गतिविधि देखी। इसके बाद वे जांच के लिए वहां पहुंचे। बताया गया है कि संदिग्ध नीले रंग की Ford F-150 पिकअप में मौजूद था।अधिकारियों ने उससे पूछताछ की तो उसने कथित तौर पर हथियार होने की जानकारी दी। जांच के दौरान यह भी पता चला कि जिस वाहन में वह बैठा था, उसके चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज थी।

गाड़ी से AR-15 समेत तीन हथियार बरामद

तलाशी के दौरान अधिकारियों को तीन हथियार मिले। इनमें AR-15 स्टाइल राइफल, MAC-10 मशीन पिस्टल और Glock 43X हैंडगन शामिल हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में कारतूस भी बरामद किए गए।

गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान रॉनी योरड्रिक्स गुआनिपा क्रिनोस (Ronny Yordrix Guanipa Chrinos) के रूप में हुई है। DHS के मुताबिक, वह वेनेजुएला का नागरिक है और मार्च 2024 में टेक्सास के रास्ते अमेरिका में अवैध रूप से दाखिल हुआ था। अधिकारियों का कहना है कि सीमा पर पकड़े जाने के बाद उसे देश में छोड़ दिया गया था।

ट्रंप को लेकर क्या दावा किया गया?

DHS के अनुसार, पूछताछ के दौरान संदिग्ध ने कथित तौर पर बताया कि उसे अपने दिमाग में आवाजें सुनाई दे रही थीं। ये आवाजें उसे अमेरिकी राजधानी वॉशिंगटन आने और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को मारने के लिए कह रही थीं।

हालांकि, इस कथित धमकी का उल्लेख अदालत में दाखिल पुलिस दस्तावेज में नहीं होने की बात भी कुछ मीडिया रिपोर्टों में सामने आई है। इसलिए इस दावे को फिलहाल अधिकारियों के बयान के रूप में ही देखा जा रहा है।

आरोपी पर कई गंभीर आरोप, अमेरिकी मार्शल्स की हिरासत में

अमेरिकी अधिकारियों ने आरोपी के खिलाफ हथियारों के अवैध परिवहन, बिना पंजीकरण हथियार और गोला-बारूद रखने, बिना लाइसेंस पिस्तौल रखने, खतरनाक हथियार रखने और चोरी के वाहन के इस्तेमाल सहित कई आरोप लगाए हैं।

गृह सुरक्षा विभाग के मुताबिक, अमेरिकी इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट (ICE) ने भी आरोपी को हिरासत में रखने के लिए डिटेनर दर्ज कराया है। फिलहाल वह अमेरिकी मार्शल्स सर्विस की हिरासत में है।

सीक्रेट सर्विस ने सुरक्षा एजेंटों की तारीफ की

सीक्रेट सर्विस के निदेशक सीन करन ने कहा कि यह घटना दिखाती है कि सुरक्षा अधिकारी अपने प्रशिक्षण और अनुभव के आधार पर संभावित खतरों को समय रहते पहचानने और स्थिति को नियंत्रित करने में सक्षम हैं। उन्होंने व्हाइट हाउस परिसर के आसपास हथियार लेकर पहुंचने वाले लोगों को लेकर बढ़ती चिंताओं का भी जिक्र किया।वहीं, होमलैंड सिक्योरिटी सचिव मार्कवेन मुलिन ने कहा कि सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों की सतर्कता से संभावित नुकसान को टालने में मदद मिली।

गौरतलब है कि ट्रंप पहले भी कई बार हत्या की कोशिशों और सुरक्षा संबंधी खतरों का सामना कर चुके हैं। ऐसे में व्हाइट हाउस के नजदीक हथियारों के साथ संदिग्ध की गिरफ्तारी ने अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।