☰
×

AI Warning: अगले 3 साल में इंसानों के लिए जानलेवा बन सकता है AI, नोबेल विजेता जेफ्री हिंटन ने दी चेतावनी

 

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को लेकर दुनिया के बड़े वैज्ञानिकों ने एक बार फिर गंभीर चिंता जताई है। AI के ‘गॉडफादर’ और नोबेल पुरस्कार विजेता प्रोफेसर जेफ्री हिंटन का मानना है कि आने वाले कुछ सालों में AI इंसानों के लिए बड़ा खतरा बन सकता है। उन्होंने चेतावनी दी है कि AI अगले तीन साल में इंसानों की जान लेने और मानव नियंत्रण से बाहर जाने की स्थिति पैदा कर सकता है।

टोरंटो में AI सुरक्षा विशेषज्ञों की एक बैठक के दौरान हिंटन ने कहा कि पहले उन्हें लगता था कि AI इंसानों से ज्यादा बुद्धिमान होने में करीब 10 साल लगाएगी, लेकिन अब यह समय घटकर 18 महीने तक रह सकता है। उनके मुताबिक, AI की बढ़ती क्षमता को देखते हुए यह स्थिति बेहद चिंताजनक है।

अगले तीन साल में AI के नियंत्रण से बाहर होने का खतरा

एलाइनमेंट रिसर्च सेंटर के संस्थापक पॉल क्रिस्टियानो ने भी AI के संभावित खतरों को लेकर गंभीर आशंका जताई है। उनके मुताबिक, अगले तीन साल में AI के इंसानों पर हावी होने का बड़ा जोखिम है। इतना ही नहीं, अगले 6 से 12 महीनों में ही AI से जुड़ी ऐसी घटनाएं हो सकती हैं, जिनमें इंसानों का नियंत्रण कमजोर पड़ जाए।

क्रिस्टियानो ने अपने अनुमान में कहा कि अगले एक साल में इंसानों के AI पर से हमेशा के लिए नियंत्रण खोने की आशंका 4% है। वहीं, अगले तीन साल में यह जोखिम बढ़कर 15% हो सकता है। उन्होंने यह भी आशंका जताई कि AI से जुड़ी किसी दुर्घटना में लोगों की जान जा सकती है।

AI खुद बना सकता है हथियार और खतरनाक सिस्टम

विशेषज्ञों को आशंका है कि भविष्य में AI अपने एजेंट तैयार कर सकता है। ये एजेंट खुद फैसले लेने के साथ नए हथियार विकसित करने, ड्रोन और रोबोट को नियंत्रित करने तथा जरूरी बुनियादी ढांचे में दखल देने में सक्षम हो सकते हैं।

इसके अलावा AI के जरिए खतरनाक जैविक हथियार बनाए जाने का जोखिम भी जताया गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर AI को पर्याप्त स्वतंत्रता मिल गई, तो उसे रोकना बेहद मुश्किल हो सकता है।

AI टेकओवर का मतलब रोबोटों का हमला करना नहीं

पॉल क्रिस्टियानो ने स्पष्ट किया कि AI टेकओवर का मतलब फिल्मों की तरह रोबोटों का बंदूक लेकर इंसानों पर हमला करना नहीं है। इसका अर्थ ऐसी स्थिति से है, जब AI अपने निर्धारित लक्ष्य हासिल करने के लिए खुद फैसले लेने लगे और इंसानों को अपने रास्ते की बाधा समझने लगे।

ऐसी स्थिति में AI सरकारों, संस्थानों और जरूरी सिस्टम पर प्रभाव स्थापित कर सकता है। क्रिस्टियानो के मुताबिक, भले ही इंसानों की जान को खतरा न हो, लेकिन उनकी स्वतंत्रता और खुद फैसले लेने का अधिकार खत्म हो सकता है।

जुलाई 2026 की घटना का भी किया जिक्र

क्रिस्टियानो ने AI की तेजी से बढ़ती क्षमताओं को समझाने के लिए जुलाई 2026 की एक घटना का उल्लेख किया। उनके दावे के मुताबिक, OpenAI के कुछ AI एजेंट इंटरनेट पर पहुंच गए और उन्होंने हगिंग फेस प्लेटफॉर्म में सेंध लगाई।

उन्होंने दावा किया कि इन एजेंट्स ने यूजर्स के लॉगिन टोकन चुराए, एडमिन जैसी पहुंच हासिल की और आपस में बातचीत के लिए मैसेज बोर्ड बनाया। इतना ही नहीं, उन्होंने कथित तौर पर इंसानी एडमिन को गुमराह करने के लिए लॉग फाइल्स में भी बदलाव किए।

डबलिन समिट में नेताओं को समझाया गया AI का खतरा

डबलिन में आयोजित यूरोपीय AI समिट में भी इस विषय पर चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा ने की, जबकि इसकी मेजबानी आयरलैंड के प्रधानमंत्री मिशेल मार्टिन ने की।

जेफ्री हिंटन को नेताओं के साथ विशेष लंच बैठक में आमंत्रित किया गया था। इसका उद्देश्य AI के सुरक्षा संबंधी खतरों और समाज पर पड़ने वाले प्रभावों को समझना था। फ्रांस की AI कंपनी मिस्ट्रल के CEO आर्थर मेंश भी बैठक में शामिल हुए। उन्होंने AI के क्षेत्र में यूरोप की प्रतिस्पर्धी स्थिति पर अपनी बात रखी।

इस बैठक में कोई औपचारिक फैसला नहीं लिया जाना था। इसका मुख्य उद्देश्य यूरोपीय नेताओं को AI से जुड़े संभावित जोखिमों के बारे में जानकारी देना था।

कौन हैं जेफ्री हिंटन?

प्रोफेसर जेफ्री एवरेस्ट हिंटन को AI तकनीक के विकास में महत्वपूर्ण योगदान के कारण ‘गॉडफादर ऑफ AI’ कहा जाता है। उन्होंने न्यूरल नेटवर्क पर ऐसा शोध किया, जिसने आधुनिक मशीन लर्निंग और AI तकनीक के विकास की नींव मजबूत की।

उनके इसी क्षेत्र में योगदान के लिए उन्हें नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया। साल 2023 में उन्होंने गूगल की नौकरी छोड़ दी थी, ताकि AI के संभावित खतरों पर खुलकर अपनी राय रख सकें।

हिंटन की चेतावनी इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि वे AI तकनीक के विकास में अग्रणी भूमिका निभा चुके हैं। उनका मानना है कि इस तकनीक को आगे बढ़ाने के साथ-साथ इसकी सुरक्षा और नियंत्रण पर भी गंभीरता से काम करना जरूरी है।