गुजरात से जुड़ा खास कनेक्शन: पीएम मोदी ने बालेन को सौंपी उनके पिता की पुरानी यादगार तस्वीर, पढ़ाई के वक्त खिंची थी फोटो; पिछले साल हुआ था निधन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह को उनके पिता डॉ. राम नारायण शाह की एक पुरानी तस्वीर भेंट की। यह तस्वीर उस समय की है, जब डॉ. राम नारायण शाह गुजरात के जामनगर में आयुर्वेद की पढ़ाई कर रहे थे। उन्होंने गुजरात आयुर्वेद यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएशन किया था। पिछले साल 77 वर्ष की उम्र में काठमांडू के सिविल अस्पताल में उनका निधन हो गया था।
पीएम मोदी ने इस खास तस्वीर के अलावा बालेन शाह को वाराणसी का गंगाजल, बनारसी ब्रोकेड का स्टोल और रामायण की पूरी कहानी दर्शाती कलमकारी पेंटिंग भी भेंट की। बनारसी स्टोल को पारंपरिक गुजराती साडेली डिब्बे में रखकर दिया गया।
सोमवार को हुई मुलाकात के दौरान मोदी ने बालेन शाह को गंगाजल से भरा कलश भी भेंट किया। वहीं, नेपाली प्रधानमंत्री ने उन्हें पशुपतिनाथ मंदिर का प्रसाद दिया।
जमींदार परिवार में हुआ था डॉ. राम नारायण शाह का जन्म
डॉ. राम नारायण शाह का जन्म 1948 में नेपाल के महोत्तरी जिले के एकदारा गांव में हुआ था। उनके पिता मुनी लाल शाह इलाके के बड़े जमीन मालिक और प्रभावशाली लोगों में गिने जाते थे। अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, उनका परिवार खेती और स्थानीय समुदाय से जुड़ा हुआ था।
राम नारायण शाह ने आयुर्वेद को अपना पेशा चुना और उच्च शिक्षा के लिए भारत आए। उन्होंने गुजरात के जामनगर स्थित आयुर्वेद यूनिवर्सिटी में दाखिला लिया और यहां से पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की। यह संस्थान अब इंस्टीट्यूट ऑफ टीचिंग एंड रिसर्च इन आयुर्वेद के नाम से जाना जाता है।
नेपाल लौटकर सरकारी आयुर्वेद डॉक्टर बने
भारत में पढ़ाई पूरी करने के बाद राम नारायण शाह 1980 के दशक की शुरुआत में नेपाल लौट आए। इसके बाद वे परिवार के साथ काठमांडू में रहने लगे और सरकारी आयुर्वेद डॉक्टर के तौर पर काम शुरू किया।
उन्हें नेपाल के पुराने सरकारी संस्थानों में शामिल ‘सिंह दरबार वैद्यखाना’ में नियुक्त किया गया। यहां आयुर्वेदिक दवाएं तैयार की जाती हैं और लोगों तक पहुंचाई जाती हैं। शुरुआती दौर में इस संस्थान में शाही परिवार के लिए दवाएं बनाई जाती थीं, लेकिन बाद में आम लोगों को भी इसका लाभ मिलने लगा।
राम नारायण शाह ने कई दशकों तक नेपाल की सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था में सेवाएं दीं। वे 2001 से 2005 के बीच सिंह दरबार वैद्यखाना के मैनेजिंग डायरेक्टर भी रहे। इस दौरान उन्होंने आयुर्वेदिक दवाओं के उत्पादन और उनकी उपलब्धता बढ़ाने की जिम्मेदारी संभाली।
गांव से आखिरी समय तक जुड़ाव बनाए रखा
काठमांडू में लंबे समय तक रहने और सरकारी सेवा करने के बावजूद डॉ. राम नारायण शाह अपने पुश्तैनी गांव एकदारा को नहीं भूले। वे समय-समय पर गांव जाते थे और वहां के लोगों की मदद करते थे।
‘द राइजिंग नेपाल’ की रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने गांव में साप्ताहिक बाजार लगाने के लिए जमीन दान की थी। इसके अलावा गांव के एक मंदिर की देखरेख में भी सहयोग दिया था।
रैपर से नेपाल के प्रधानमंत्री तक पहुंचे बालेन शाह
बालेन शाह राजनीति में आने से पहले नेपाल के चर्चित रैपर थे। उनके गानों में भ्रष्टाचार, नेताओं की कार्यशैली, राजनीतिक व्यवस्था की कमियों और आम लोगों की समस्याओं जैसे मुद्दे उठाए जाते थे।
उन्होंने 2022 में राजनीति में कदम रखा और निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में काठमांडू के मेयर का चुनाव जीतकर सबका ध्यान खींचा।
इसके बाद 2025 में नेपाल में हुए जेन-जी आंदोलन के दौरान उन्होंने प्रदर्शनकारी युवाओं का समर्थन किया। दिसंबर 2025 में वे राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) में शामिल हो गए। पार्टी ने उन्हें प्रधानमंत्री पद का चेहरा बनाया। 2026 के आम चुनाव में जीत के बाद बालेन शाह नेपाल के प्रधानमंत्री बने।
एक रैपर के रूप में भ्रष्टाचार और राजनीतिक व्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाने से लेकर देश के प्रधानमंत्री बनने तक का उनका सफर चर्चा में रहा है। ऐसे में पीएम मोदी की ओर से उनके पिता की पुरानी तस्वीर भेंट करना दोनों देशों के बीच मुलाकात का एक खास और भावनात्मक पल बन गया।