☰
×

यूरोप में 7 विमानों को बम से उड़ाने की धमकी: पोलैंड का एयरपोर्ट बंद करना पड़ा, इटली में फाइटर जेट ने विमान को दी सुरक्षा; जांच में नहीं मिला विस्फोटक

 

यूरोप में मंगलवार, 3 नवंबर को अलग-अलग देशों में यात्री विमानों को बम से उड़ाने की धमकियों से हड़कंप मच गया। एक ही दिन में कम से कम सात विमानों को निशाना बनाए जाने की खबर सामने आई। धमकियों के बाद कई विमानों की इमरजेंसी जांच कराई गई, कुछ के रूट बदले गए और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। पोलैंड की राजधानी वारसा के पास एक एयरपोर्ट को कुछ समय के लिए बंद करना पड़ा। वहीं, इटली में एक यात्री विमान को सुरक्षित उतारने के लिए वायुसेना के फाइटर जेट तैनात किए गए। हालांकि, जांच के दौरान किसी भी विमान में विस्फोटक नहीं मिला।

पोलैंड में दो विमानों को मिली धमकी

पोलैंड की राजधानी वारसा पहुंचने वाली दो उड़ानों को बम की धमकी मिली। इनमें कोपेनहेगन से आ रही स्कैंडिनेवियन एयरलाइंस (SAS) की फ्लाइट और लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट से आ रही LOT पोलिश एयरलाइंस की उड़ान शामिल थी।

SAS का विमान वारसा के चोपिन एयरपोर्ट पर सामान्य रूप से उतरा। इसके बाद यात्रियों को बाहर निकालकर विमान की जांच की गई। एहतियात के तौर पर एयरपोर्ट के एक रनवे को कुछ समय के लिए बंद रखा गया।वहीं, लंदन से आ रहे LOT एयरलाइंस के बोइंग 737 मैक्स विमान को वारसा के दूसरे एयरपोर्ट मॉडलीन की ओर मोड़ दिया गया। धमकी मिलने के बाद इस एयरपोर्ट का संचालन भी अस्थायी रूप से रोक दिया गया। यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर विमान की तलाशी ली गई। जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला, जिसके बाद एयरपोर्ट दोबारा शुरू कर दिया गया।

इटली में फाइटर जेट ने विमान को दी सुरक्षा

इटली में आयरलैंड की राजधानी डबलिन से रोम आ रही रयानएयर की एक फ्लाइट को बम की धमकी मिली। इसके बाद इतालवी वायुसेना के दो यूरोफाइटर जेट विमान के साथ लगाए गए। फाइटर जेट की निगरानी में विमान रोम के फ्यूमिचिनो एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरा।पुर्तगाल की राजधानी लिस्बन से रोम पहुंची रयानएयर की एक अन्य फ्लाइट की भी जांच की गई। दोनों विमानों के यात्रियों, सामान और क्रू की सुरक्षा जांच की गई। अधिकारियों को कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

स्पेन और बुल्गारिया में भी अलर्ट

ब्रिटेन के मैनचेस्टर से स्पेन के मर्सिया जा रही रयानएयर की फ्लाइट को भी बम की धमकी मिली। विमान के उतरने के बाद सभी 121 लोगों को बाहर निकाला गया। इनमें 114 यात्री और सात क्रू सदस्य शामिल थे। स्पेन की सुरक्षा एजेंसियों ने विमान और सामान की जांच की।इसी तरह इटली के बर्गामो से बुल्गारिया की राजधानी सोफिया जा रही विज एयर की फ्लाइट को भी धमकी मिली। इसके अलावा डबलिन से सोफिया जा रही रयानएयर की उड़ान की भी जांच कराई गई। दोनों विमानों में कोई विस्फोटक नहीं मिला।

एक दिन पहले भी विमान को किया गया था डायवर्ट

इससे एक दिन पहले यानी सोमवार को लंदन के ल्यूटन एयरपोर्ट से सोफिया जा रही विज एयर की फ्लाइट को भी बम की धमकी मिली थी। इसके बाद विमान को हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट की ओर मोड़ दिया गया। हंगरी के ग्रिपेन फाइटर जेट ने विमान को सुरक्षित उतारने में मदद की। जांच में उस विमान में भी कोई विस्फोटक नहीं मिला।

किसने दी धमकी, जांच जारी

इन घटनाओं के पीछे किसका हाथ है, यह अभी स्पष्ट नहीं है। किसी संगठन ने इन धमकियों की जिम्मेदारी नहीं ली है। अधिकारियों ने भी किसी देश या समूह पर आरोप नहीं लगाया है। सुरक्षा विशेषज्ञों के मुताबिक, एक ही दिन में इतनी धमकियां मिलना असामान्य है। इनका मकसद विमानन सेवाओं में बाधा डालना भी हो सकता है।इसी दौरान ग्रीस के सायरोस द्वीप के पास इजराइल जा रहे एक क्रूज जहाज को भी बम की धमकी मिली। जहाज की तलाशी ली गई, लेकिन शुरुआती जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।