×

'300 की मौत, 500 से ज्यादा घायल....' पाक-अफगान जंग में भारी तबाही, ट्रम्प बोले - 'पाकिस्तान बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रहा..'

 

पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष में दोनों पक्षों के 300 से ज्यादा लोग मारे गए हैं, जबकि 500 ​​से ज्यादा घायल हुए हैं. दोनों देश एक दूसरे को आगे सैन्य कार्रवाई की धमकी दे रहे हैं. जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से पूछा गया कि क्या अमेरिका पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच हस्तक्षेप करेगा? इस पर उन्होंने कहा कि मैं हस्तक्षेप कर सकता हूं, लेकिन पाकिस्तान के साथ मेरे बहुत अच्छे संबंध हैं. पाकिस्तान इस समय बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रहा है. पाकिस्तान के सैन्य प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि देश में हुए आतंकी हमलों में भारत की भूमिका है. उनका कहना है कि अफगान तालिबान के इलाके का इस्तेमाल इन गतिविधियों के लिए किया जाता है. पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच संघर्ष गुरुवार देर रात शुरू हुआ, जब 22 फरवरी को पाकिस्तानी हवाई हमले के जवाब में अफगानिस्तान ने कार्रवाई की। इसके बाद पाकिस्तान ने 'ऑपरेशन गजब-लिल-हक' शुरू किया। पाकिस्तानी वायु सेना ने काबुल, कंधार, पक्तिया, नंगरहार और अन्य प्रांतों में हवाई हमले किए।

पाकिस्तान का दावा- 274 अफगानी लड़ाके मारे गए

पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता अहमद शरीफ चौधरी के मुताबिक, अब तक 274 तालिबान लड़ाके मारे गए हैं और 400 से ज्यादा घायल हुए हैं. उनका कहना है कि 115 टैंक और बख्तरबंद गाड़ियाँ नष्ट हो गईं, 74 चौकियाँ नष्ट हो गईं और 18 चौकियों पर पाकिस्तानी सेना ने कब्ज़ा कर लिया है. पाकिस्तान ने भी माना कि उसके 12 सैनिक मारे गए और 27 घायल हुए. जबकि तालिबान का कहना है कि उसके केवल 8 से 13 लड़ाके ही मारे गए और कुछ घायल हो गए. इसमें दावा किया गया कि 55 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए और दो सेना मुख्यालयों सहित कई चौकियों पर कब्जा कर लिया गया। तालिबान ने चेतावनी दी है कि अगर पाकिस्तान ने आगे हमला किया तो कड़ा जवाब दिया जाएगा.

पाकिस्तान में निजी ड्रोन उड़ाने पर रोक

अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उसने ड्रोन से पाकिस्तान के अंदर सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया. इस बीच, पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने कहा कि एबटाबाद, स्वाबी और नौशेरा में छोटे ड्रोन गिराए गए और कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ. इन घटनाओं के बाद पाकिस्तान के गृह मंत्रालय ने तुरंत पूरे देश में निजी ड्रोन उड़ाने पर रोक लगा दी है. पूर्व पाकिस्तानी सेना अधिकारी आदिल रजा ने दावा किया कि अफगानिस्तान से उड़ाए गए ड्रोन ने इस्लामाबाद के पास एक परमाणु ऊर्जा केंद्र सहित कई महत्वपूर्ण सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

पाकिस्तान की संसद में निंदा प्रस्ताव पारित

पाकिस्तान की सीनेट ने अफगानिस्तान के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया. विदेश मंत्रालय ने कहा कि आगे किसी भी उकसावे पर कड़ी और निर्णायक प्रतिक्रिया दी जाएगी. प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सेना मुख्यालय का दौरा किया और जीरो टॉलरेंस की नीति दोहराई. पाकिस्तान के सूचना मंत्री ने अफगान तालिबान सरकार को अवैध बताया और आरोप लगाया कि वहां महिलाओं और अल्पसंख्यकों के अधिकार छीने जा रहे हैं.

पाकिस्तान ने टीटीपी और आईएसआईएस के ठिकानों पर हवाई हमला किया था

22 फरवरी को पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के सीमावर्ती इलाकों में हवाई हमला किया. पाकिस्तान के उप गृह मंत्री तलाल चौधरी ने दावा किया था कि सीमावर्ती इलाकों में टीटीपी के ठिकानों पर कार्रवाई में 70 लड़ाके मारे गए. बाद में पाकिस्तानी अखबार डॉन ने दावा किया कि यह संख्या 80 तक पहुंच गई है. अफगानिस्तान ने इन हमलों की कड़ी निंदा की थी. तालिबान ने कहा कि हमलों में नागरिकों को निशाना बनाया गया. टोलो न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, नंगरहार में एक घर पर हमले के बाद एक ही परिवार के 23 लोग मलबे में दब गए. वहीं, अफगान रक्षा मंत्रालय ने कहा था कि पाकिस्तान को 'सही समय पर कड़ा जवाब' दिया जाएगा. मंत्रालय ने इन हमलों को देश की संप्रभुता का उल्लंघन बताया था. पाकिस्तान लंबे समय से अफगानिस्तान की तालिबान सरकार पर दबाव बना रहा है कि वह अपनी जमीन का इस्तेमाल किसी भी आतंकवादी संगठन को न करने दे। इस्लामाबाद का आरोप है कि टीटीपी अफगानिस्तान से काम कर रहा है, जबकि तालिबान सरकार लगातार इन आरोपों से इनकार करती रही है।


दोनों देशों के बीच पहले भी तनाव रहा है

अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच डूरंड रेखा को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। दोनों देश एक दूसरे पर हमले और आतंकियों को छुपाने का आरोप लगाते रहते हैं. 2021 में तालिबान द्वारा अफगानिस्तान सरकार पर कब्ज़ा करने के बाद तनाव और बढ़ गया है.