☰
×

कुवैत पर ड्रोन हमले में 2 इटालियन नागरिकों की मौत: ईरान पर हमले की तैयारी में इजराइल; इराक में ईरान समर्थक गुट एक्टिव

 

ईरान और इजराइल के बीच बढ़ते तनाव का असर अब खाड़ी क्षेत्र में भी दिखाई दे रहा है। गुरुवार को कुवैत में हुए ड्रोन हमले में इटली के दो नागरिकों की मौत हो गई। कुवैत के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, सेना ने ड्रोन को हवा में ही मार गिराया, लेकिन उसके मलबे की चपेट में आने से चार लोग प्रभावित हुए। इनमें दो की मौत हो गई, जबकि एक पाकिस्तानी और एक कुवैती नागरिक घायल हुए हैं।

इटली के विदेश मंत्रालय के अनुसार, मारे गए दोनों नागरिक एयर डिफेंस टेक्नीशियन थे। वे कुवैत में एक डिफेंस कंपनी के लिए काम कर रहे थे और रडार सिस्टम के रखरखाव की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

कुवैत में तैनात हैं करीब 400 इटालियन सैनिक

कुवैत में इटली की सैन्य मौजूदगी भी है। इटली के राजदूत लोरेंजो मोरिनी के अनुसार, देश में करीब 400 इटालियन सैनिक तैनात हैं। इनमें से ज्यादातर सैनिक एक एयरबेस पर मौजूद हैं।

राजदूत ने बताया था कि ईरान युद्ध के दौरान इटालियन सैनिकों को कई हफ्तों तक बंकरों और सुरक्षित स्थानों पर रहना पड़ा था। इसके बावजूद इटली ने कुवैत में अपनी सैन्य तैनाती जारी रखी।

इजराइल ने ईरान पर हमले की तैयारी जताई

इजराइल की ओर से भी ईरान को लेकर तनाव बढ़ाने वाला बयान सामने आया है। इजराइली सेना ने कहा है कि वह अमेरिका की मदद के बिना भी ईरान के खिलाफ बड़े पैमाने पर सैन्य कार्रवाई करने के लिए तैयार है।

सेना के प्रवक्ता एफी डिफ्रिन ने कहा कि इजराइली सेना हालात पर लगातार नजर रख रही है और जरूरत पड़ने पर किसी भी समय कार्रवाई कर सकती है।

इराक में ईरान समर्थक गुटों की सैन्य तैयारी

वहीं, इराक में ईरान समर्थित हथियारबंद गुट भी अपनी गतिविधियां बढ़ा रहे हैं। रिपोर्टों के मुताबिक, कताइब हिजबुल्लाह ने पश्चिमी इराक में हथियार और सैन्य उपकरण पहुंचाए हैं। इसके साथ ही नए ठिकाने बनाए जाने और अतिरिक्त लड़ाकों की तैनाती की भी जानकारी सामने आई है।

विशेषज्ञों के आकलन के मुताबिक, यह तैयारी ईरान पर अमेरिका के संभावित हमले की स्थिति को देखते हुए की जा रही है। इन गुटों के पास मिसाइल और ड्रोन मौजूद हैं, जिनका इस्तेमाल क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों के खिलाफ जवाबी कार्रवाई के लिए किया जा सकता है।