☰
×

थाईलैंड के फुकेट में भीषण आग से 11 लोगों की मौत, 17 घायल; इमारत में खड़ी 100 बाइक बनीं आग फैलने की वजह

 

थाईलैंड के मशहूर पर्यटन स्थल फुकेट में सोमवार तड़के एक इमारत में भीषण आग लग गई। इस हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल हुए हैं। आग इतनी तेजी से फैली कि इमारत में मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। दमकलकर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

जानकारी के मुताबिक, इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर मोटरसाइकिल किराए पर देने की दुकान थी, जबकि ऊपर की मंजिलों पर लोग रहते थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आग लगने से कुछ समय पहले पास में लगे बिजली ट्रांसफॉर्मर में धमाका हुआ था। हालांकि, पुलिस अभी आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।

स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, घटना सोमवार सुबह करीब 2 बजे हुई। शुरुआत में हादसे में किसी विदेशी नागरिक के हताहत होने की जानकारी नहीं मिली है।

दुकान में रखी 100 मोटरसाइकिलों से तेजी से फैली आग

फुकेट के गवर्नर चोडनारिन कोएडसोम के मुताबिक, इमारत के निचले हिस्से में बनी दुकान में करीब 100 मोटरसाइकिलें खड़ी थीं। इसके अलावा वहां गैस, इंजन ऑयल, प्लास्टिक का सामान और टायर भी रखे हुए थे।

इन सभी चीजों में आग तेजी से फैलने का खतरा रहता है। यही वजह रही कि आग ने कुछ ही समय में इमारत के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग से निकले घने और जहरीले धुएं ने भी लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। दमकलकर्मियों को आग बुझाने के साथ इमारत में फंसे लोगों तक पहुंचने में भी काफी मशक्कत करनी पड़ी।

तीसरी और पांचवीं मंजिल पर मिले 11 लोगों के शव

अधिकारियों के मुताबिक, आग लगने के बाद इमारत में मौजूद लोग जान बचाने के लिए ऊपरी मंजिलों की ओर भागे। राहत और बचाव अभियान के दौरान एक शव तीसरी मंजिल से मिला, जबकि 10 शव पांचवीं मंजिल पर पाए गए।

हादसे में घायल 17 लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया। घटना वाली इमारत फुकेट के पश्चिमी तट पर स्थित मशहूर पातोंग बीच के पास एक कस्बे में है। फुकेट दक्षिणी थाईलैंड का प्रमुख पर्यटन द्वीप है, जहां हर साल बड़ी संख्या में देशी-विदेशी पर्यटक पहुंचते हैं।

चार महीने पहले बैंकॉक के बार में आग से 27 लोगों की हुई थी मौत

थाईलैंड में आग लगने की यह घटना ऐसे समय हुई है, जब करीब चार महीने पहले राजधानी बैंकॉक में भी एक बड़ा अग्निकांड हुआ था। 12 जुलाई को बैंकॉक के चातुचक जिले में एक बार में आग लगने से 27 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 63 लोग घायल हुए थे।

उस हादसे की शुरुआती जांच में बिजली के सिस्टम में खराबी की आशंका जताई गई थी। एक संगीतकार ने बताया था कि बिजली जाने से कुछ समय पहले मंच के पास लगे सर्किट ब्रेकर से धुआं निकलने लगा था। इसके बाद धमाके जैसी आवाज सुनाई दी और देखते ही देखते पूरे बार में धुआं भर गया।

दमकलकर्मियों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने थाईलैंड में इमारतों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।