बलिया में गंगा-सरयू का रौद्र रूप, खतरे के निशान से ऊपर पहुंचा पानी, देखें Video
बलिया में गंगा और सरयू नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से बाढ़ का खतरा गहरा गया है. दोनों नदियों का पानी खतरे के निशान से ऊपर पहुंचने के बाद अब नदी किनारे बसे इलाकों में बाढ़ का पानी घुसने लगा है. शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन गई है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है.
#बलिया - गंगा में समाई पानी की टंकी, गंगा और सरयू नदी का जलस्तर खतरा बिंदु से ऊपर पहुंचा।
— Prashant Kumar Journalist (@prashan02367402) August 23, 2026
बढ़ते जलस्तर के चलते अब घरों और बस्तियों में भी बाढ़ का पानी घुसने लगा।
तटवर्ती इलाकों में जलभराव से आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित।
बलिया शहर के बिचला घाट, निहोरा नगर और बेदुआ मोहल्ले के… pic.twitter.com/gQ5xSfypzO
बस्ती तक पहुंचा गंगा का पानी
बलिया शहर के बिचला घाट, निहोरा नगर और बेदुआ मोहल्ले के आसपास गंगा का पानी बस्तियों तक पहुंच गया है. निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. कई जगहों पर सड़कों और रास्तों पर पानी भर जाने से लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है.
ग्रामीणों का आरोप है कि बाढ़ की स्थिति गंभीर होने के बावजूद प्रभावित इलाकों में पर्याप्त संख्या में नावों की व्यवस्था नहीं की गई है. लोगों का कहना है कि जलभराव बढ़ने के कारण रोजमर्रा के कामों के लिए बाहर निकलना मुश्किल हो गया है.
सरयू के कटान में समा गई पानी की टंकी
उधर, सरयू नदी का कहर भी लगातार जारी है. बांसडीह तहसील के भोजपुरवा गांव में नदी के तेज कटान के चलते पानी की एक बड़ी टंकी पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर नदी में समा गई.
पानी की टंकी के नदी में गिरने और देखते ही देखते पानी में डूब जाने का वीडियो भी सामने आया है. वीडियो में नदी के तेज बहाव और कटान की भयावह स्थिति साफ दिखाई दे रही है. इस घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों में भी दहशत का माहौल है.
प्रशासन ने कहा- हालात पर लगातार नजर
बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है. बलिया के जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने बताया कि प्रशासन की ओर से प्रभावित इलाकों में नावों की व्यवस्था की गई है और राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है.
जरूरतमंद लोगों तक खाद्य सामग्री पहुंचाई जा रही है. इसके अलावा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी की जा रही है. प्रशासन का कहना है कि प्राथमिकता लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और बाढ़ की स्थिति में किसी भी तरह की जनहानि को रोकना है.
फिलहाल गंगा और सरयू के बढ़ते जलस्तर ने बलिया के नदी किनारे रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ा दी है. प्रशासन की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है और प्रभावित इलाकों में राहत कार्य जारी है.