×

इंस्टाग्राम पर वायरल होने का जुनून, 3400 लिपस्टिक निशानों से सजी कार पहुंची थाने,वायरल होने की चाहत पड़ी भारी,पुलिस ने लगाया ₹5,500 का चालान
 

 

सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाहत में लोग कई बार ऐसे अजीबोगरीब तरीके अपना लेते हैं, जिनकी शायद उन्होंने कल्पना भी नहीं की होती। मध्य प्रदेश के ग्वालियर से ऐसा ही मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने अपनी स्विफ्ट कार को 3400 लिपस्टिक के निशानों से सजा दिया। युवक का दावा था कि उसने यह सब इंस्टाग्राम पर वायरल होने के लिए किया था।कार पर लिपस्टिक के निशान बनाने में उसकी गर्लफ्रेंड ने करीब साढ़े तीन घंटे लगाए। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो ट्रैफिक पुलिस की नजर भी इस पर पड़ गई और युवक को कार्रवाई का सामना करना पड़ा।

रील का भूत और ₹5,500 का चालान 💸🚗

ग्वालियर में एक भाई को इंस्टाग्राम पर वायरल होने का ऐसा चस्का चढ़ा कि अपनी स्विफ्ट कार को ही 'किसिंग कार' बना डाला।
विदेशी ट्रेंड से इंस्पायर होकर गर्लफ्रेंड ने पूरे साढ़े तीन घंटे मेहनत की और कार पर 3,400 लिपस्टिक के निशान छाप दिए।
लेकिन फिर… pic.twitter.com/AQAhudsbW1

— पहाड़ी गर्ल 🏔️🏔️ (@Pahadi_Anjana) August 25, 2026


विदेशी वीडियो से आया कार सजाने का आइडिया
वायरल वीडियो में कार की पूरी बॉडी पर लिपस्टिक से बने किस के निशान दिखाई दे रहे हैं। युवक ने बताया कि उसकी गर्लफ्रेंड को विदेश की एक वीडियो देखकर यह आइडिया आया था।
इसके बाद दोनों ने अपनी कार पर इसी तरह का प्रयोग करने का फैसला किया। युवक के मुताबिक, कार पर करीब 3400 लिपस्टिक के निशान बनाए गए। यहां तक कि कार पर लिखे 'ठाकुर' शब्द पर भी लिपस्टिक के निशान बना दिए गए थे।
युवक ने खुद यह वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया।


पहले भी पुलिस की नजर में आई थी कार
बताया गया कि कुछ दिन पहले भी इसी कार का एक वीडियो पटेल नगर-सिटी सेंटर इलाके से सामने आया था। इसमें कार को कथित तौर पर तेज रफ्तार में बाजार क्षेत्र में चलाते हुए दिखाया गया था।
उस वीडियो के सामने आने के बाद भी पुलिस ने कार को थाने बुलाया था। अब दोबारा कार का वीडियो वायरल होने पर ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई की।


पुलिस ने लगाया 5,500 रुपये का चालान
मामले में ग्वालियर ट्रैफिक पुलिस ने युवक पर 5,500 रुपये का चालान लगाया। इसके अलावा उसे थाने बुलाकर कार पर बनाए गए लिपस्टिक के सभी निशान खुद साफ करने के लिए कहा गया।
पुलिस की कार्रवाई के बाद युवक ने दूसरे लोगों से भी अपील की कि सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए इस तरह की हरकत न करें, क्योंकि इसका नुकसान चालान के रूप में उठाना पड़ सकता है।


सोशल मीडिया पर यूजर्स ने लिए मजे
मामले का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने भी तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दीं। कुछ लोगों ने इसे मजाकिया अंदाज में लिया तो कुछ ने सवाल उठाया कि आखिर 3400 किस की गिनती कैसे की गई होगी।
कई यूजर्स ने युवक के इस कारनामे को 'प्यार नहीं, पागलपन' बताया। वहीं कुछ लोगों ने मजाक करते हुए कहा कि इतनी मेहनत से कार सजाने के बाद आखिर में चालान भरना पड़ा।
यह मामला एक बार फिर दिखाता है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने की कोशिश में किए गए किसी भी प्रयोग का असर वास्तविक जिंदगी में भी पड़ सकता है।