गोवा नहीं जा पाए तो क्या हुआ ? तो अब चंबल के तट पर बनाएं छुट्टियों का प्लान, यहां का नज़ारा कर देगा मंत्रमुग्ध
जब भी घूमने की बात होती है तो लोगों के दिमाग में सबसे पहले गोवा का नाम आता है। समुद्र की लहरें, रेत पर मस्ती और खुला आसमान, ये सारी तस्वीरें दिमाग में घूमने लगती हैं। लेकिन अगर हम कहें कि गोवा जैसा मजा आपको अपने ही मध्य प्रदेश में मिल सकता है तो? जी हां, मंदसौर जिले का एक छोटा सा गांव कंवला इन दिनों चर्चा में है। चंबल नदी के किनारे बसा यह गांव अब 'मिनी गोवा' के नाम से जाना जाता है। यहां की ताजी हवा, दूर-दूर तक फैली नदी और प्राकृतिक नजारे मिलकर ऐसा माहौल बनाते हैं जो समुद्र किनारे जैसा लगता है। अगर छुट्टी के दिन मन शांत माहौल चाहता है तो कंवला इसके लिए परफेक्ट जगह है। शहर की भीड़-भाड़ से दूर यह गांव एक अलग तरह की शांति देता है। अब लोग गोवा जाने का सपना छोड़ सीधे कंवला की ओर रुख कर रहे हैं। आइए जानते हैं इस 'मिनी गोवा' में ऐसा क्या खास है जो हर किसी को अपनी ओर आकर्षित करता है।
जानिए इस गांव की खासियत
कंवला गांव की सबसे बड़ी खासियत चंबल नदी का चौड़ा और शांत बहाव है, जो इसे 'मिनी गोवा' जैसा लुक देता है। यहां नदी इतनी फैली हुई है कि सामने का किनारा दिखाई नहीं देता, ऐसा लगता है जैसे कोई समंदर हो। जब आप नदी के किनारे खड़े होकर पानी को देखते हैं, तो दिल अपने आप थम जाता है। यहां के नजारे इतने खूबसूरत हैं कि जो भी देखता है, बस देखता ही रह जाता है। नदी के बीच में दो बड़ी चट्टानें भी हैं, जो एक छोटे से टापू की तरह दिखती हैं और इस जगह की खूबसूरती में चार चांद लगा देती हैं।
बन गई लोगों की पसंदीदा जगह
आपको बता दें कि यह गांव मंदसौर जिले की भानपुरा तहसील में स्थित है। जो अब गांधी सागर बांध के बाद इस जिले का नया और पसंदीदा पिकनिक स्पॉट बन गया है। मंदसौर शहर से इसकी दूरी करीब 145 किलोमीटर है। अगर आप ट्रेन से आना चाहते हैं, तो सुवासरा, मंदसौर और शामगढ़ जैसे स्टेशन सबसे नजदीक हैं। इसके बाद बस या टैक्सी से यहां आराम से पहुंचा जा सकता है। माहौल बेहद सुकून देने वाला है
इसके अलावा इस गांव का माहौल भी बेहद सुकून देने वाला है। हरियाली से घिरा यह गांव और शांत बहती चंबल नदी मिलकर एक ऐसा अनुभव देते हैं जो शहरों की भीड़-भाड़ में कहीं खो जाता है। यहां आकर मन को शांति मिलती है। अगर आप प्रकृति प्रेमी हैं, तो आपको सूर्यास्त का नजारा, पानी पर पड़ती रोशनी और हवा की ठंडी सरसराहट जरूर पसंद आएगी। दोपहर में नदी किनारे बैठना या कैंपिंग करते हुए लहरों की आवाज सुनना यादगार पल बन जाता है।
जरूरी सामान साथ लेकर जाएं
कंवाला गांव को 'मिनी गोवा' का नाम 2020 के आसपास मिला, जब इस जगह के खूबसूरत नजारे सोशल मीडिया के जरिए लोगों तक पहुंचे। लेकिन अभी तक यह जगह पर्यटन के हिसाब से पूरी तरह विकसित नहीं हो पाई है। यही वजह है कि यहां खाने-पीने की दुकानें या दूसरी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। इसलिए अगर आप यहां घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो अपने साथ खाने-पीने का सामान, पानी और जरूरी चीजें जरूर लेकर जाएं, ताकि आप बिना किसी परेशानी के इस खूबसूरत जगह का मजा ले सकें।