☰
×

बिना भीड़भाड़ के चाहिए गोवा जैसा मजा? इस वीकेंड प्लान करें 'रत्नागिरी', खूबसूरती देखकर भूल जाएंगे बड़े-बड़े हिल स्टेशन

 

जब भी महाराष्ट्र में घूमने की बात होती है, तो अक्सर हमारे दिमाग में हरे-भरे पहाड़, झरने और वेस्टर्न घाट की खूबसूरत वादियां आती हैं। खासकर मानसून के मौसम में यहां ट्रेकिंग और नेचर लवर्स की भीड़ देखने को मिलती है। लेकिन महाराष्ट्र की खूबसूरती सिर्फ पहाड़ों तक ही सीमित नहीं है।अगर आप शहर की भीड़-भाड़ और रोजमर्रा की भागदौड़ से दूर कुछ सुकून भरे पल बिताना चाहते हैं, तो महाराष्ट्र का रत्नागिरी आपके लिए शानदार ट्रैवल डेस्टिनेशन साबित हो सकता है। यहां आपको समुद्र, बीच, हरियाली, ऐतिहासिक किले और खूबसूरत नजारे एक ही जगह देखने को मिलते हैं।

रत्नागिरी में देखें कुदरत का खूबसूरत रूप

रत्नागिरी महाराष्ट्र के कोंकण क्षेत्र में स्थित है। कोंकण अपनी लंबी समुद्री पट्टी, हरियाली और शांत वातावरण के लिए जाना जाता है। रत्नागिरी में घूमने के दौरान आपको प्रकृति के साथ-साथ इतिहास और स्थानीय संस्कृति की भी झलक देखने को मिलती है।आइए जानते हैं यहां किन जगहों को अपनी ट्रैवल लिस्ट में शामिल कर सकते हैं।

थिबॉ पैलेस

अगर आपको इतिहास और पुरानी वास्तुकला में दिलचस्पी है, तो थिबॉ पैलेस जरूर जाएं। यह ऐतिहासिक इमारत अपने पुराने डिजाइन और खूबसूरत आसपास के वातावरण के लिए जानी जाती है।महल की वास्तुकला, पुराने जमाने की खिड़कियां, लकड़ी का काम और आसपास मौजूद हरियाली इसे खास बनाती है। अब इस इमारत का इस्तेमाल म्यूजियम के तौर पर किया जाता है। इसके पास मौजूद थिबॉ पॉइंट से रत्नागिरी शहर का खूबसूरत नजारा भी देखा जा सकता है।

जयगढ़ किला

रत्नागिरी से करीब 40 किलोमीटर की दूरी पर स्थित जयगढ़ किला इतिहास और समुद्री नजारों का शानदार मेल है। यह किला शास्त्री नदी और अरब सागर के पास स्थित है।किले के कई हिस्से समय के साथ पुराने और जर्जर हो चुके हैं, लेकिन यहां से दिखाई देने वाला समुद्र और आसपास का प्राकृतिक नजारा आज भी पर्यटकों को आकर्षित करता है। यहां घूमने के साथ आप आसपास के पोर्ट और लाइटहाउस को भी देख सकते हैं।

आरे-वारे बीच

अगर आपको शांत और कम भीड़ वाली जगहें पसंद हैं, तो आरे-वारे बीच आपके लिए बेहतरीन विकल्प है। रत्नागिरी से गणपतिपुले की ओर जाते समय ये दोनों खूबसूरत समुद्र तट रास्ते में पड़ते हैं।आरे और वारे बीच की खासियत यहां का शांत माहौल और प्राकृतिक खूबसूरती है। ऊंचाई से देखने पर दोनों समुद्र तटों का नजारा बेहद शानदार दिखाई देता है। यहां आपको कई लोकप्रिय बीच की तरह भारी भीड़ देखने को नहीं मिलेगी।

गणेशघुले बीच

रत्नागिरी के दक्षिणी हिस्से में मौजूद गणेशघुले बीच अपनी साफ रेत, समुद्र और आसपास की पहाड़ियों के लिए जाना जाता है। अगर आप प्रकृति के बीच शांत समय बिताना चाहते हैं, तो यह जगह आपकी ट्रैवल लिस्ट में शामिल हो सकती है।यहां पहुंचने के दौरान सड़क से मिलने वाले खूबसूरत नजारे भी सफर को खास बना देते हैं। नेचर लवर्स और शांति पसंद करने वाले लोगों के लिए यह एक अच्छा विकल्प है।

अक्टूबर से मार्च तक घूमना रहेगा बेहतर

रत्नागिरी घूमने के लिए अक्टूबर से मार्च के बीच का समय आरामदायक माना जाता है। इस दौरान मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहता है, जिससे बीच, किले और दूसरी जगहों पर घूमना आसान होता है।गर्मियों में उमस ज्यादा महसूस हो सकती है, जबकि बारिश के दौरान तेज हवाओं और फिसलन की वजह से कुछ जगहों पर घूमने में परेशानी हो सकती है। इसलिए अगर आप आराम से रत्नागिरी एक्सप्लोर करना चाहते हैं, तो मौसम को ध्यान में रखकर ट्रिप प्लान करें।

कैसे पहुंचें रत्नागिरी?

ट्रेन से: रत्नागिरी कोंकण रेलवे नेटवर्क पर स्थित है, इसलिए मुंबई, पुणे और गोवा जैसे शहरों से रेल कनेक्टिविटी मिलती है।

फ्लाइट से: रत्नागिरी एयरपोर्ट एक विकल्प है। एयरपोर्ट से आगे जाने के लिए स्थानीय परिवहन, कैब या टैक्सी का इस्तेमाल किया जा सकता है।

सड़क मार्ग से: मुंबई और पुणे से सड़क के रास्ते भी रत्नागिरी पहुंचा जा सकता है। बस, कैब या अपनी कार से कोंकण का खूबसूरत सफर भी इस ट्रिप का खास हिस्सा बन सकता है।अगर आप महाराष्ट्र में पहाड़ों से अलग कुछ नया एक्सप्लोर करना चाहते हैं, तो रत्नागिरी में समुद्र, इतिहास और प्रकृति—तीनों का खूबसूरत कॉम्बिनेशन देखने को मिल सकता है।