☰
×

दिल्ली में लगा सरस फूड फेस्टिवल 2026, हिमाचल के सिड्डू से राजस्थान की मावा कचौरी तक चखें देसी पकवान

 

अगर आप दिल्ली या NCR में रहते हैं और इस वीकेंड घूमने के साथ कुछ अलग और स्वादिष्ट खाने का प्लान बना रहे हैं, तो सुंदर नर्सरी पहुंच सकते हैं। यहां सरस फूड फेस्टिवल 2026 का आयोजन किया जा रहा है। इस फेस्टिवल में देश के अलग-अलग राज्यों के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद चखने का मौका मिल रहा है।

इस आयोजन की खास बात यह है कि यहां बड़े रेस्टोरेंट या फूड चेन के बजाय ग्रामीण महिला स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं अपने हाथों से तैयार किए गए पकवानों के स्टॉल लगा रही हैं। हिमाचल प्रदेश के सिड्डू, राजस्थान की मावा कचौरी, केरल की मीन करी और गोवा के प्रॉन समोसे जैसे कई खास व्यंजन यहां मिल रहे हैं।

हिमाचल के सिड्डू और उत्तराखंड के मसाला आलू का लें स्वाद

अगर आपको पहाड़ी खाना पसंद है, तो हिमाचल प्रदेश के फूड स्टॉल पर जरूर जाएं। यहां रागी समेत तीन तरह के सिड्डू मिल रहे हैं। यह हिमाचल का पारंपरिक पकवान है, जिसे आटे में अखरोट जैसी चीजों की भरावन डालकर भाप में पकाया जाता है। इसे चटनी के साथ परोसा जाता है।

वहीं उत्तराखंड के स्टॉल पर जखिया मसाले वाले आलू और खीरे का रायता चखने को मिलेगा। पहाड़ी स्वाद पसंद करने वालों के लिए ये दोनों व्यंजन खास हो सकते हैं।

नागालैंड की फूलों वाली चाय भी है खास

चाय पीने के शौकीनों के लिए नागालैंड का स्टॉल आकर्षण का केंद्र है। यहां फूलों और जड़ी-बूटियों से तैयार की जाने वाली रोशोल टी मिल रही है। इसका स्वाद सामान्य चाय से अलग होता है। सर्दियों के मौसम में गर्मागर्म चाय की चुस्की लेते हुए फेस्टिवल घूमने का अलग ही अनुभव मिल सकता है।

केरल की मीन करी और गोवा के प्रॉन समोसे का स्वाद

सीफूड पसंद करने वालों के लिए भी यहां कई विकल्प मौजूद हैं। केरल के स्टॉल पर कापा विद मीन करी, टूना फ्राई और मालाबार परोट्टा जैसे पारंपरिक व्यंजन मिल रहे हैं।

इसके अलावा गोवा के प्रॉन समोसे और तेलंगाना की हैदराबादी दम बिरयानी भी खाने के शौकीनों को आकर्षित कर रही है।

राजस्थान की मावा कचौरी और दाल बाटी चूरमा भी मौजूद

राजस्थानी खाने के शौकीनों के लिए यहां कई खास पकवान रखे गए हैं। मीठे में मावा कचौरी, घेवर और रबड़ी-जलेबी का स्वाद लिया जा सकता है। वहीं नमकीन और पारंपरिक खाने में दाल बाटी चूरमा और प्याज कचौरी भी उपलब्ध हैं।

इसके अलावा कर्नाटक का नीर डोसा, जम्मू-कश्मीर का कलाड़ी कुलचा, छत्तीसगढ़ का चिला-फरा और महाराष्ट्र की पूरन पोली जैसे व्यंजन भी इस फूड फेस्टिवल का हिस्सा हैं।

कब तक चलेगा सरस फूड फेस्टिवल 2026?

सरस फूड फेस्टिवल का आयोजन 21 नवंबर से 8 दिसंबर 2026 तक दिल्ली की सुंदर नर्सरी में किया जा रहा है। यहां फूड फेस्टिवल में प्रवेश के लिए अलग से कोई टिकट नहीं लेना होगा, लेकिन सुंदर नर्सरी में जाने के लिए पार्क का टिकट खरीदना जरूरी है।

  • स्थान: सुंदर नर्सरी, नई दिल्ली

  • आयोजन की तारीख: 21 नवंबर से 8 दिसंबर 2026

  • प्रवेश शुल्क: भारतीय वयस्कों के लिए 50 रुपए (पार्क टिकट)

  • नजदीकी मेट्रो स्टेशन: जेएलएन स्टेडियम और जंगपुरा

खाने के साथ हस्तशिल्प की खरीदारी का भी मौका

सरस फूड फेस्टिवल में सिर्फ अलग-अलग राज्यों के पकवानों का स्वाद ही नहीं मिलेगा, बल्कि ग्रामीण महिलाओं के हाथों से बने हस्तशिल्प और घरेलू उपयोग की चीजें खरीदने का भी मौका है।

यह आयोजन ग्रामीण महिला स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों और पारंपरिक हुनर को लोगों तक पहुंचाने का मंच देता है। ऐसे में अगर आप इस वीकेंड दिल्ली में घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो सुंदर नर्सरी का यह फूड फेस्टिवल आपके लिए अच्छा विकल्प हो सकता है। यहां एक ही जगह देश के अलग-अलग राज्यों के खानपान और संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी।