First Time Flying Tips: एयरपोर्ट में एंट्री से लेकर बोर्डिंग तक, स्टेप-बाय-स्टेप समझें पूरा प्रोसेस
पहली बार फ्लाइट से सफर करना रोमांचक होने के साथ-साथ थोड़ा घबराहट भरा भी हो सकता है. एयरपोर्ट की बड़ी बिल्डिंग, चेक-इन काउंटर, सिक्योरिटी चेक और बोर्डिंग गेट जैसी प्रक्रियाएं पहली बार यात्रा करने वालों को उलझन में डाल सकती हैं. लेकिन अगर आपको पहले से पता हो कि एयरपोर्ट पहुंचने के बाद क्या करना है, तो पूरी यात्रा काफी आसान हो जाती है. आइए जानते हैं एयरपोर्ट पहुंचने के बाद आपको किन स्टेप्स को फॉलो करना चाहिए.
जरूरी दस्तावेज अपने पास रखें
एयरपोर्ट पहुंचते ही सबसे पहले अपना टिकट या ई-टिकट और वैध पहचान पत्र अपने पास रखें. अगर आपने ऑनलाइन चेक-इन नहीं किया है, तो अपनी एयरलाइन के चेक-इन काउंटर या सेल्फ चेक-इन कियोस्क पर जाएं. एयरपोर्ट की स्क्रीन पर फ्लाइट नंबर और एयरलाइन देखकर संबंधित काउंटर की जानकारी आसानी से मिल सकती है.
सामान जमा करके चेक-इन करें
अगर आपके पास चेक-इन बैगेज है, तो उसे एयरलाइन के काउंटर पर जमा करना होगा. वहां आपके सामान का वजन किया जाएगा और बैगेज टैग लगाने के बाद आपको बोर्डिंग पास दिया जाएगा.
वहीं, अगर आपके पास सिर्फ हैंड बैगेज है और आपने पहले ही ऑनलाइन चेक-इन कर लिया है, तो कुछ मामलों में आप सीधे सिक्योरिटी चेक के लिए जा सकते हैं. हालांकि, यह प्रक्रिया एयरलाइन और एयरपोर्ट के नियमों के अनुसार अलग हो सकती है.
इसके बाद होगा सिक्योरिटी चेक
चेक-इन पूरा होने के बाद आपको सिक्योरिटी चेक से गुजरना होगा. यहां बोर्डिंग पास और पहचान पत्र दिखाना पड़ सकता है. जांच के दौरान लैपटॉप, मोबाइल या अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान को अलग ट्रे में रखने के लिए कहा जा सकता है. इसके अलावा बेल्ट, जैकेट और जेब में रखी कुछ चीजों को भी निकालना पड़ सकता है.
एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी एयरलाइन के बैगेज और प्रतिबंधित सामान से जुड़े नियम जरूर देख लें.
बोर्डिंग गेट की जानकारी रखें
सिक्योरिटी चेक के बाद अपने बोर्डिंग गेट का नंबर चेक करें. यह जानकारी बोर्डिंग पास के साथ-साथ एयरपोर्ट की डिस्प्ले स्क्रीन पर भी मिल सकती है. ध्यान रखें कि कई बार बोर्डिंग गेट बदला भी जा सकता है. इसलिए अपनी फ्लाइट के स्टेटस और गेट की जानकारी समय-समय पर स्क्रीन पर चेक करते रहें.
पहली फ्लाइट में घबराने की जरूरत नहीं
पहली बार फ्लाइट से सफर कर रहे हैं तो घबराने की जरूरत नहीं है. अगर किसी स्टेप को लेकर समझ नहीं आ रहा है तो एयरलाइन या एयरपोर्ट स्टाफ से मदद मांग सकते हैं. साथ ही फ्लाइट के निर्धारित समय से काफी पहले एयरपोर्ट पहुंचना बेहतर रहता है. घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए एयरलाइन की ओर से बताए गए रिपोर्टिंग टाइम का जरूर ध्यान रखें.