Chaitra Navratri Travel: IRCTC का खास पैकेज, माता वैष्णो देवी की यात्रा के लिए जानें किराया और डिटेल्स
आज यानी 19 मार्च से चैत्र नवरात्रि की शुरुआत हो चुकी है. अगर आप भी इस मौके पर माता वैष्णो देवी की यात्रा करने की प्लानिंग कर रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए फायदेमंद हो सकती है. दरअसल, माता रानी के भक्तों के लिए IRCTC ने एक शानदार टूर पैकेज लॉन्च किया है, जिसके तहत कम बजट में मां वैष्णो के दर्शन कर सकते हैं. इस पैकेज का नाम MATA VAISHNODEVI EX DELHI है. आइए जानते हैं इसका कितना किराया होगा और क्या-क्या सुविधाएं मिलेंगी.
पैकेज में मिलेंगी यह सुविधाएं
अगर आप दिल्ली के रहने वाले हैं, या फिर दिल्ली से दर्शन करने जाने का सोच रहे हैं, तो ये पैकेज आपके लिए बेस्ट हो सकता है. इस पैकेज की शुरुआत दिल्ली से होती है और इसकी अवधि 3 रात और 4 दिन की है. IRCTC के इस पैकेज में ट्रेन टिकट, कैब सर्विस, होटल में ठहरने की सुविधा, कैब की सर्विस और खाना मिलेगा. पैकेज शुरू होने के बाद हर वीकडेज पर इस पैकेज के जरिए यात्रा की जा सकती है.
क्या है IRCTC टूर पैकेज का किराया?
IRCTC के इस पैकेज से कंफर्ट 3AC में अकेले सफर करने पर प्रति व्यक्ति को 10,770 रुपये किराया देना होगा. वहीं, दो लोगों के साथ सफर करने पर प्रति व्यक्ति किराया 8,100 रुपये रहेगा. इसके साथ ही तीन लोगों के साथ सफर करने पर प्रति व्यक्ति किराया 6,990 रुपये रहेगा. इसके अलावा भक्तों को 2AC में सफर करने की भी सुविधा मिलती है. इसके लिए अकेले सफर करने पर प्रति व्यक्ति 11,995 रुपये किराया देना होगा. 2 लोगों के साथ सफर करने पर प्रति व्यक्ति किराया 9,330 रुपये रहेगा. इसके अलावा तीन लोगों के साथ सफर करने पर किराया 8,220 रुपये प्रति व्यक्ति रहेगा.
कैसे कर सकते हैं बुकिंग?
अगर आप कम बजट में धार्मिक यात्रा करना चाहते हैं, तो यह पैकेज आपके लिए फायदेमंद हो सकता है. इस पैकेज की बुकिंग IRCTC के आधिकारिक वेबसाइट से की जा सकती है. साथ ही इस पैकेज के बारे में पूरी जानकारी पाने के लिए आप IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट पर विजिट कर सकते हैं.