×

बजट में ट्रिप और बेहतरीन मौसम! सितंबर के महीने में भारत की इन खूबसूरत जगहों की करें सैर

 

सितंबर का महीना घूमने-फिरने के लिए काफी अच्छा माना जाता है। बारिश के बाद कई पहाड़ी और हरे-भरे इलाकों की खूबसूरती देखते ही बनती है। अगर आप भी सितंबर में किसी शानदार जगह पर घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो इन 4 जगहों को अपनी ट्रैवल लिस्ट में शामिल कर सकते हैं।

1. कोडैकानल, तमिलनाडु

हरियाली और ठंडे मौसम का आनंद लेना चाहते हैं तो सितंबर में तमिलनाडु के खूबसूरत हिल स्टेशन कोडैकानल की ट्रिप प्लान कर सकते हैं। इस दौरान यहां का तापमान करीब 14 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहता है।

बारिश के बाद यहां चारों तरफ हरियाली नजर आती है और झरने भी अपने खूबसूरत रूप में दिखाई देते हैं। सितंबर में ऑफ-सीजन होने की वजह से यहां ठहरने के लिए जगहें भी अपेक्षाकृत आसानी से मिल सकती हैं।

2. लोनावला, महाराष्ट्र

सितंबर में महाराष्ट्र का लोनावला भी घूमने के लिए बेहतरीन विकल्प है। बारिश के बाद यहां की हरियाली, झरने और बादलों से ढकी पहाड़ियां बेहद खूबसूरत नजर आती हैं।

सुहाने मौसम के बीच आप यहां घूमने के साथ ट्रैकिंग और कैंपिंग जैसी एक्टिविटीज का भी मजा ले सकते हैं। अगर आपको पहाड़ों और बारिश का मौसम पसंद है, तो लोनावला आपके लिए शानदार डेस्टिनेशन हो सकता है।

3. जीरो वैली, अरुणाचल प्रदेश

सितंबर से नवंबर के बीच अरुणाचल प्रदेश की जीरो वैली की खूबसूरती देखने लायक होती है। इस दौरान घाटी चारों तरफ हरियाली से ढकी नजर आती है, वहीं पक चुके धान के सुनहरे खेत यहां के नजारे को और खास बना देते हैं।

जीरो वैली में आप तारीन फिश फार्म, टैली वैली वाइल्डलाइफ सैंचुरी, मेघना गुफा मंदिर, हापोली बाजार और किले पाखो जैसी जगहों को एक्सप्लोर कर सकते हैं। खासतौर पर किले पाखो से पूरी घाटी का शानदार पैनोरमिक व्यू देखने को मिलता है।

4. उदयपुर, राजस्थान

सितंबर में राजस्थान की खूबसूरती भी अलग अंदाज में नजर आती है। इस महीने आप उदयपुर की 2 से 3 दिन की ट्रिप प्लान कर सकते हैं। झीलों के शहर के नाम से मशहूर उदयपुर में ऐतिहासिक इमारतों से लेकर खूबसूरत झीलों तक देखने के लिए काफी कुछ है।

पहले दिन आप सिटी पैलेस से घूमने की शुरुआत कर सकते हैं। इसके बाद जगदीश मंदिर, पिछोला झील और गणगौर घाट घूम सकते हैं। दूसरे दिन फतेह सागर झील, करणी माता मंदिर और सज्जनगढ़ पैलेस जैसी जगहों को एक्सप्लोर किया जा सकता है।

अगर आप सितंबर में घूमने की योजना बना रहे हैं, तो इन जगहों में से अपनी पसंद के हिसाब से कोई एक डेस्टिनेशन चुनकर शानदार ट्रिप प्लान कर सकते हैं।