वीडियो में देखें निशिकांत कामत की वो 5 फिल्में जिन्होंने उन्हें दिया इंडस्ट्री में नाम और सम्मान
निशिकांत कामत (अंग्रेज़ी: Nishikant Kamat, जन्म- 17 जून, 1970, मुम्बई, महाराष्ट्र; मृत्यु- 17 अगस्त, 2020) हिंदी सिनेमा के मशहूर निर्देशक और अभिनेता थे। उन्होंने 'दृश्यम', 'मुंबई मेरी जान' और 'मदारी' जैसी शानदार फ़िल्मों का निर्देशन किया था। उनकी पहली फ़िल्म 'डोमिब्वली फ़ास्ट' ने मराठी सिनेमा में खूब प्रसिद्धि दिलाई, क्योंकि यह 2005 साल की सबसे बड़ी मराठी फ़िल्म थी। निशिकांत कामत ने तमिल में आर. माधवन के साथ 'इवानो ओरुवन' के रूप में अपनी फ़िल्म की रीमेक भी बनाई। इस फ़िल्म को बेस्ट फीचर फ़िल्म मराठी का नेशनल अवॉर्ड मिला था।
निशिकांत कामत का जन्म दादर, मुम्बई, महाराष्ट्र में हुआ था। उन्होंने अपने कॅरियर की शुरुआत मराठी फ़िल्म 'डोमिब्वली फ़ास्ट' से की थी। उन्हें इस फ़िल्म के राष्ट्रिय सम्मान से भी नवाजा गया। निशिकांत कामत ने अपने फ़िल्मी कॅरियर की शुरुआत हिंदी सिनेमा में बतौर अभिनेता फ़िल्म 'हवा आने दो' से की थी। इसके बाद वह निर्देशन का रुख कर गए। उनकी फ़िल्म 'दृश्यम' में भी उन्होंने अभिनय किया।
बॉलीवुड में निशिकांत कामत को सबसे ज्यादा शोहरत साल 2015 में आई अजय देवगन, तब्बू और श्रेया सरन स्टारर फ़िल्म ‘दृश्यम’ ने दिलाई। बेहतरीन निर्देशक होने के साथ ही निशिकांत कामत शानदार अभिनेता भी थे। उन्होंने कई फ़िल्मों में एक्टिंग में भी हाथ आजमाए। वे 'हाथ आने दे', 'सतच्या आत घरात' (मराठी), '404: एरर नॉट फाउंड', 'रॉकी हैंडसम', 'डैडी', 'जूली-2', 'भावेश जोशी सुपरहीरो' जैसी फ़िल्मों में अभिनय भी किया। इनमें से साल 2016 में आई अपनी फ़िल्म ‘रॉकी हैंडसम’ में उन्होंने जॉन अब्राहम के अपोजिट निगेटिव रोल निभाया था। वे आखिरी बार हर्षवर्धन कपूर स्टारर फ़िल्म ‘भावेश जोशी सुपरहीरो’ में नजर आए थे।[1]
निशिकांत कामत की मृत्यु 17 अगस्त, 2020 (सोमवार) को हैदराबाद के एक अस्पताल में हुई। अस्पताल द्वारा एक बयान जारी कर कहा गया कि सोमवार दोपहर से उनकी स्थिति बिगड़ने लगी थी और शाम 4.24 को उनका देहांत हो गया। अस्पताल का कहना था कि "बुख़ार और बेहद थकावट की शिकायत के बाद निशिकांत कामत को 31 जुलाई को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें दो साल से लिवर सिरोसिस की शिकायत थी। इस कारण उन्हें एंटीबायोटिक के साथ-साथ दूसरी दवाइयां देना शुरू किया गया था। उनकी सेहत में कुछ सुधार हुआ था, लेकिन धीरे-धीरे उनका लिवर ख़राब होता गया और उनकी सेहत बिगड़ती चली गई। रविवार (16 अगस्त, 2020) को उन्हें सांस लेने में परेशानी होने लगी और साथ ही उनका ब्लड प्रेशर भी कम होने लगा था। मल्टिपल ऑर्गन फेल्यर के कारण उनकी सेहत और बिगड़ी जिसके बाद उनकी मौत हो गई।"[3]