पश्चिम बंगाल चुनाव: दूसरे चरण में कई सीटों पर हिंसा, वीडियो में देंखे मारपीट और आरोप-प्रत्यारोप से तनाव बढ़ा
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के दौरान राज्य के कई हिस्सों से हिंसा, झड़प और राजनीतिक तनाव की घटनाएं सामने आईं। विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में हुई इन घटनाओं ने चुनावी माहौल को और अधिक गर्म कर दिया है।नादिया जिले के छपरा विधानसभा क्षेत्र में भाजपा एजेंटों ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) कार्यकर्ताओं पर हमले का आरोप लगाया है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मतदान के दौरान दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया, जिसके बाद स्थिति हिंसक हो गई और मारपीट की खबरें सामने आईं।
इसी तरह शांतिपुर क्षेत्र में भाजपा के चुनावी कैंप पर हमले का आरोप लगाया गया है। भाजपा नेताओं का कहना है कि उनके कैंप को निशाना बनाकर तोड़फोड़ की गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।बीजपुर विधानसभा क्षेत्र में एक अलग ही घटना देखने को मिली, जहां एक निर्दलीय प्रत्याशी और स्थानीय काउंसलर के बीच विवाद बढ़कर हाथापाई में बदल गया। इस घटना ने स्थानीय स्तर पर राजनीतिक अस्थिरता और बढ़ा दी।
कोलकाता के श्यामपुकुर इलाके में भी राजनीतिक तनाव देखने को मिला, जहां भाजपा उम्मीदवार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान नारेबाजी और धक्का-मुक्की की स्थिति बनी रही, जिससे सुरक्षा बलों को हस्तक्षेप करना पड़ा।इसके अलावा, भाजपा उम्मीदवार रत्ना देबनाथ ने भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि TMC कार्यकर्ताओं द्वारा उन पर और उनके समर्थकों पर हमला किया गया। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया में निष्पक्षता को लेकर सवाल उठाए हैं और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है।
पूरे दिन राज्य के अलग-अलग हिस्सों से लगातार हिंसा, आरोप-प्रत्यारोप और तनाव की खबरें आती रहीं, जिससे मतदान प्रक्रिया कई जगहों पर प्रभावित होने की बात भी सामने आई है। प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की है और संवेदनशील क्षेत्रों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
चुनाव आयोग की ओर से अभी तक सभी घटनाओं की विस्तृत रिपोर्ट तलब की गई है और संबंधित जिलों से जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल पूरे राज्य में राजनीतिक माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है, जबकि मतदान प्रक्रिया जारी रही और मतदाता भारी संख्या में अपने अधिकार का प्रयोग करते नजर आए।