×

पश्चिम बंगाल चुनाव: दूसरे चरण में 91.79% मतदान, फुटेज में देंखे हिंसा और आरोप-प्रत्यारोप से माहौल गरमाया

 

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण की 142 सीटों पर मतदान संपन्न हो गया। शाम 7 बजे तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, राज्य में लगभग 91.79 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है, हालांकि अंतिम आंकड़ा और बढ़ सकता है। मतदान प्रक्रिया के दौरान कई स्थानों पर तनाव, झड़प, हिंसा और आरोप-प्रत्यारोप की घटनाओं ने माहौल को काफी संवेदनशील बना दिया।दिनभर कई इलाकों से हिंसा और लाठीचार्ज की खबरें सामने आती रहीं। कुछ जगहों पर ईवीएम से छेड़छाड़ के आरोप भी लगाए गए, जिससे राजनीतिक माहौल और अधिक गरमा गया। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े हुए हैं।

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/giI61yOmGk4?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/giI61yOmGk4/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

इस बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कोलकाता में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि CRPF ने कई मतदान केंद्रों पर कथित तौर पर TMC समर्थकों के साथ मारपीट की और बूथ कैप्चरिंग की स्थिति पैदा की। ममता बनर्जी ने यह भी दावा किया कि राज्य पुलिस को प्रभावी भूमिका निभाने से रोका गया और “बंगाल पुलिस कहीं नजर नहीं आ रही है” जैसी स्थिति बना दी गई।उन्होंने आरोप लगाया कि CRPF ने कई लोगों को हिरासत में लिया है और मतदान प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। ममता बनर्जी ने यह भी कहा कि जिन बलों की जिम्मेदारी सीमाओं की सुरक्षा की है, वे एक राजनीतिक दल के पक्ष में काम कर रहे हैं, जो लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए चिंता का विषय है।

इसी बीच तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने एक और गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि हावड़ा के उदयनारायणपुर क्षेत्र में CRPF की कथित कार्रवाई के दौरान एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई। पार्टी के अनुसार, सुरक्षा बलों द्वारा धक्का-मुक्की और मारपीट के बाद बुजुर्ग की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना ने राजनीतिक तनाव को और बढ़ा दिया है।

दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने भी TMC पर चुनावी अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। भाजपा का दावा है कि दक्षिण 24 परगना के डायमंड हार्बर स्थित फालता क्षेत्र में एक मतदान केंद्र पर ईवीएम में कथित तौर पर छेड़छाड़ की गई और उनके उम्मीदवार के बटन पर टेप लगाया गया, जिससे मतदान प्रभावित हो सकता है।

इन सभी घटनाओं के बीच चुनाव आयोग और प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पूरे राज्य में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं।पश्चिम बंगाल का यह चरण एक बार फिर राजनीतिक रूप से बेहद तनावपूर्ण साबित हुआ है, जहां मतदान प्रतिशत तो ऊंचा रहा, लेकिन हिंसा और विवादों ने चुनावी प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।