कोलकाता में निर्माणाधीन गोदाम का शेड गिरा, फुटेज में देंखे 3 मजदूरों की मौत; 40 से ज्यादा लोगों के दबे होने की आशंका
दक्षिण कोलकाता के तारातला ट्रांसपोर्ट डिपो के पास बुधवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। यहां निर्माणाधीन गोदाम का शेड अचानक भरभराकर गिर गया, जिससे कई मजदूर मलबे में दब गए। हादसे में अब तक 3 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। इससे पहले 5 लोगों के मारे जाने की खबर सामने आई थी।
14 लोगों को मलबे से निकाला गया
राहत और बचाव दल ने अब तक 14 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। सभी घायलों को इलाज के लिए कोलकाता के एसएसकेएम अस्पताल के ट्रॉमा केयर सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
40 से अधिक लोगों के फंसे होने की आशंका
स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के समय गोदाम में कंक्रीट ढलाई का काम चल रहा था और बड़ी संख्या में मजदूर मौजूद थे। आशंका जताई जा रही है कि अभी भी 40 से ज्यादा लोग मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं।
युद्धस्तर पर चल रहा रेस्क्यू ऑपरेशन
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटनास्थल पर बड़े पैमाने पर राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है। रेस्क्यू ऑपरेशन में कोलकाता पुलिस, डिजास्टर मैनेजमेंट ग्रुप, सिविल डिफेंस, फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज की टीमें जुटी हुई हैं। इसके अलावा सेना की मदद भी ली जा रही है।
हादसे के कारणों की जांच शुरू
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, निर्माण कार्य के दौरान शेड का एक हिस्सा अचानक ढह गया, जिसके बाद पूरा ढांचा गिर पड़ा। प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच के आदेश दे दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि मलबा हटाने का काम जारी है और रेस्क्यू अभियान पूरा होने के बाद ही नुकसान की वास्तविक तस्वीर सामने आ सकेगी। फिलहाल पूरे इलाके को घेर लिया गया है और राहत-बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। प्रशासन ने लोगों से घटनास्थल के आसपास भीड़ न लगाने की अपील की है।