TMC विधायक मदन मित्रा की कार पर हमला, 'चोर-चोर' के नारों के बीच फेंके गए अंडे; वीडियो में देंखे कटमनी के पैसे लौटाने की मांग
पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बार फिर 'कटमनी' का मुद्दा चर्चा में आ गया है। कोलकाता के कमरहाटी इलाके में शनिवार रात तृणमूल कांग्रेस (TMC) विधायक मदन मित्रा की कार पर कथित तौर पर स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया। घटना के दौरान लोगों ने 'चोर-चोर' के नारे लगाए और विधायक की गाड़ी पर अंडे फेंके।यह घटना अरियादाहा इलाके में उस समय हुई, जब मदन मित्रा क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बड़ी संख्या में स्थानीय लोग वहां जमा हो गए और विधायक के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि उनसे 'कटमनी' के नाम पर पैसे लिए गए थे, जिन्हें अब वापस किया जाए।
कार को घेरकर की नारेबाजी
वायरल हो रहे वीडियो में कुछ लोग विधायक की कार के आसपास जमा दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान भीड़ 'चोर-चोर' के नारे लगाती नजर आती है। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने गाड़ी पर अंडे भी फेंके और जमकर विरोध जताया।स्थानीय लोगों का कहना है कि वे लंबे समय से अपनी शिकायतों को लेकर आवाज उठा रहे हैं, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई। इसी नाराजगी के चलते उन्होंने विधायक के दौरे के दौरान विरोध प्रदर्शन किया।
मदन मित्रा ने किया अलग दावा
घटना के बाद टीएमसी विधायक मदन मित्रा ने हमले को लेकर अलग दावा किया। उन्होंने कहा कि जिस समय यह घटना हुई, वह कार में मौजूद नहीं थे। मित्रा के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों ने उनके ड्राइवर को निशाना बनाया और उसके साथ दुर्व्यवहार किया।मदन मित्रा ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने जानबूझकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि मामले की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी।
'कटमनी' मुद्दे पर फिर गरमाई राजनीति
पश्चिम बंगाल में 'कटमनी' का मुद्दा पहले भी राजनीतिक विवाद का कारण बन चुका है। विपक्षी दल लंबे समय से टीएमसी नेताओं पर सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों में कमीशन लेने के आरोप लगाते रहे हैं। हालांकि सत्तारूढ़ दल इन आरोपों को लगातार खारिज करता रहा है।कमरहाटी की इस घटना के बाद एक बार फिर कटमनी का मुद्दा राजनीतिक बहस के केंद्र में आ गया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर भी विभिन्न राजनीतिक दलों और समर्थकों के बीच तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
जांच और कार्रवाई पर नजर
फिलहाल घटना को लेकर स्थानीय प्रशासन और पुलिस की ओर से विस्तृत बयान सामने नहीं आया है। हालांकि वायरल वीडियो और दोनों पक्षों के दावों को देखते हुए मामले की जांच की संभावना जताई जा रही है।राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस घटना का असर आने वाले दिनों में स्थानीय राजनीति पर पड़ सकता है, क्योंकि जनता की नाराजगी और कटमनी जैसे आरोपों को लेकर विपक्ष सरकार पर हमले तेज कर सकता है।