TMC नेता जहांगीर खान की फिर सड़क पर परेड, वीडियो में देंखे कान पकड़कर मांगी माफी; अवैध वसूली और धमकी देने के आरोपों की जांच जारी
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के फालता क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नेता जहांगीर खान को एक बार फिर पुलिस द्वारा सड़क पर पैदल घुमाए जाने का मामला चर्चा में है। सोमवार को पुलिस जांच के सिलसिले में जहांगीर खान को फालता लेकर पहुंची, जहां उन्हें हाफ पैंट में सड़क पर परेड कराई गई। इस दौरान वह कान पकड़कर और हाथ जोड़कर स्थानीय लोगों से माफी मांगते नजर आए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिस ने जहांगीर खान को करीब चार घंटे तक नंगे पैर विभिन्न इलाकों में घुमाया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर मौजूद रहे। घटना के वीडियो और तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब जहांगीर खान की इस तरह सार्वजनिक परेड कराई गई हो। इससे पहले 11 जून को भी फालता में पुलिस उन्हें हाफ पैंट में लेकर सड़कों पर निकली थी। उस समय भी यह कार्रवाई चल रही जांच के तहत की गई थी।जानकारी के मुताबिक, जहांगीर खान को 8 जून को नेपाल सीमा के पास से गिरफ्तार किया गया था। उन पर अवैध वसूली, लोगों को डराने-धमकाने और महिलाओं को गैंगरेप की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। शिकायतों के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी, जिसके बाद उनकी गिरफ्तारी हुई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े विभिन्न स्थानों और घटनाक्रमों की पड़ताल के लिए आरोपी को फालता लाया गया था। जांच टीम घटनाओं के क्रम को समझने और सबूत जुटाने के लिए विभिन्न जगहों का निरीक्षण कर रही है। इसी प्रक्रिया के दौरान आरोपी को संबंधित क्षेत्रों में ले जाया गया।जहांगीर खान लंबे समय से स्थानीय राजनीति में सक्रिय रहे हैं और क्षेत्र में उनका प्रभाव माना जाता रहा है। हालांकि हाल के दिनों में उनके खिलाफ सामने आए आरोपों ने राजनीतिक गलियारों में भी हलचल बढ़ा दी है। विपक्षी दल इस मामले को लेकर राज्य सरकार और सत्तारूढ़ दल पर निशाना साध रहे हैं, जबकि टीएमसी की ओर से मामले पर आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।
इस पूरे घटनाक्रम के बीच कानूनी विशेषज्ञों और मानवाधिकार संगठनों की ओर से भी सार्वजनिक परेड जैसे मामलों पर सवाल उठाए जाते रहे हैं। उनका कहना है कि किसी भी आरोपी के खिलाफ जांच और कानूनी कार्रवाई कानून के दायरे में होनी चाहिए। वहीं पुलिस का कहना है कि जांच प्रक्रिया पूरी तरह कानूनी प्रावधानों के तहत आगे बढ़ाई जा रही है।फिलहाल जहांगीर खान से जुड़े आरोपों की जांच जारी है और पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। आने वाले दिनों में जांच के आधार पर कई और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।