आसनसोल में लाउडस्पीकर विवाद के बाद तनाव, पुलिस चौकी पर पथराव और तोड़फोड़, बिगडे हालात
पश्चिम बंगाल के आसनसोल इलाके में मस्जिद के लाउडस्पीकर को लेकर हुए विवाद के बाद शुक्रवार को तनावपूर्ण स्थिति बन गई। जानकारी के अनुसार, जहांगीरी मोहल्ला क्षेत्र में लाउडस्पीकर को रोकने की कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों का एक समूह उग्र हो गया और देखते ही देखते स्थिति बिगड़ गई।
बताया जा रहा है कि गुस्साई भीड़ ने जहांगीरी मोहल्ला पुलिस चौकी का घेराव कर लिया और वहां पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान कुछ वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया गया और पुलिस चौकी के बाहर तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पहले भीड़ को समझाने की कोशिश की, लेकिन हालात काबू से बाहर होते देख लाठीचार्ज करना पड़ा। इसके साथ ही आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए, ताकि भीड़ को तितर-बितर किया जा सके।
घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया है और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन की ओर से इलाके में शांति बनाए रखने की अपील की गई है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, लाउडस्पीकर को लेकर पहले से ही कुछ असहमति चल रही थी, जो कार्रवाई के बाद अचानक बढ़ गई और विरोध प्रदर्शन उग्र रूप ले बैठा।
फिलहाल पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लेने का दावा किया है और कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।