☰
×

पश्चिम बंगाल में वोटर लिस्ट रिविजन का शेड्यूल बदला, पोलिंग बूथों के पुनर्गठन को भी मंजूरी

 

पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची को अपडेट करने की प्रक्रिया को लेकर चुनाव आयोग ने बड़ा फैसला लिया है। आयोग ने शुक्रवार को राज्य में वोटर लिस्ट के स्पेशल समरी रिविजन (SSR) के शेड्यूल में बदलाव किया है। इसके साथ ही पोलिंग स्टेशनों को तर्कसंगत बनाने और जरूरत के अनुसार उन्हें दूसरे स्थानों पर शिफ्ट करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी गई है।

इस प्रक्रिया के लिए 1 जनवरी 2027 को अर्हता तिथि निर्धारित किया गया है। इसका मतलब है कि जो नागरिक इस तारीख तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर लेंगे, वे मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए पात्र होंगे।

वोटर लिस्ट का नया शेड्यूल जारी, 15 दिसंबर को आएगी ड्राफ्ट सूची

चुनाव आयोग की ओर से जारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, पश्चिम बंगाल में पोलिंग स्टेशनों का पुनर्गठन और स्थान परिवर्तन 3 दिसंबर 2026 तक पूरा किया जाएगा। इसके बाद 15 दिसंबर को एकीकृत ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित होगी। मतदाता इस सूची में नाम जोड़ने, हटाने या विवरण में सुधार के लिए 15 दिसंबर 2026 से 14 जनवरी 2027 तक दावा और आपत्ति दर्ज करा सकेंगे। इनका निपटारा 1 फरवरी 2027 तक किया जाएगा।

8 फरवरी को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची

चुनाव आयोग ने अंतिम मतदाता सूची जारी करने की तारीख 8 फरवरी 2027 तय की है। इससे पहले मतदाताओं को ड्राफ्ट सूची में अपना नाम और अन्य जानकारियां जांचने का मौका मिलेगा। यदि किसी का नाम छूट गया है या नाम, पता और दूसरी जानकारियों में गलती है, तो निर्धारित समय के भीतर आवेदन किया जा सकेगा।आयोग ने मतदाताओं की सहायता के लिए विशेष अभियान दिवस भी निर्धारित किए हैं। इन दिनों बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) मतदान केंद्रों पर मौजूद रहेंगे, ताकि नए मतदाताओं का पंजीकरण और सूची में सुधार से जुड़े आवेदन किए जा सकें।

पहली बार वोट देने वालों के लिए मौका

1 जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की उम्र पूरी करने वाले युवा मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के पात्र होंगे। इस प्रक्रिया का उद्देश्य पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करना और मौजूदा रिकॉर्ड में जरूरी सुधार करना है।गौरतलब है कि स्पेशल समरी रिविजन (SSR) मतदाता सूची को नियमित रूप से अपडेट करने की प्रक्रिया है। इसमें नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, पते में बदलाव और अन्य विवरणों में सुधार जैसे काम किए जाते हैं। यह स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (SIR) से अलग प्रक्रिया है।अब पश्चिम बंगाल में संशोधित कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची को अडेट करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। राजनीतिक दलों और मतदाताओं को भी नए शेड्यूल की जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं।